जनपद के थाना धौलाना क्षेत्र के तहत आने वाले UPSIDC फेज-3 में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह सुबह एक गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। थाना धौलाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छह फायर टैंकरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।
हादसे में एक की मौत से परिवार में मचा कोहराम
हापुड़ में हुए दर्दनाक हादसे में फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे दो कर्मचारी आग की चपेट में आ गए। हादसे में साबेज पुत्र हमीद, निवासी ग्राम देहरा जनपद हापुड़ गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। अग्निकांड में एक अन्य कर्मी गुलफाम पुत्र मुनफैद अली, निवासी ग्राम गंगरोली, थाना दोघट, जनपद बागपत की आग में झुलसने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस दुखद खबर से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मृतक गुलफाम के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आग लगने का कारण नहीं है साफ, फिलहाल शार्ट सर्किट की आशंका
फैक्ट्री में लगी इस भीषण आग के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक रूप से अब तक मिली जानकारी के अनुसार कयास लगाए जा रहे हैं कि यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हो सकता है, लेकिन पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें आग लगने के सही कारणों की गहनता से जांच कर रही हैं। इस हादसे में फैक्ट्री को भारी आर्थिक नुकसान होने की भी आशंका है पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने किया मौका मुआयना, आग के कारणों का लगाया जा रहा है पता
क्षेत्राधिकारी पिलखुवा ने घटना को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई को सुबह करीब 4:30 बजे डायल 112 के माध्यम से थाना धौलाना पर सूचना प्राप्त हुई कि UPSIDC के फेस-3 में सुपर स्टीक नामक फैक्ट्री, जिसमें गद्दे की शीट्स बनाने का कार्य होता है, उसमें अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई है। इस सूचना पर तत्काल फायर ब्रिगेड और थाना धौलाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 फायर टेंडर्स की मदद से आग को बुझा लिया गया है। इस राहत और बचाव अभियान के दौरान पता चला कि साबेज पुत्र हामिद, निवासी ग्राम देहरा, धौलाना घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इसके अतिरिक्त गुलफाम पुत्र मुनफैद, निवासी ग्राम गांगरोली, थाना दोघट, जिला बागपत की इस हादसे में मृत्यु हो गई है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
हापुड़ से निशांक शर्मा की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
मेरठ में दलित छात्रा की मौत पर बवाल, पुलिस ने उपद्रवियों पर किया लाठीचार्ज, खुद थप्पड़ बरसाते दिखे SSP, Video
मक्के के खेत में करंट आने से चाचा-भतीजे की हुई दर्दनाक मौत, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया