1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुस्लिम युवक पर धर्म परिवर्तन के लिए अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप, पीड़िता ने SP से लगाई गुहार

मुस्लिम युवक पर धर्म परिवर्तन के लिए अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप, पीड़िता ने SP से लगाई गुहार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 08, 2026 08:52 pm IST,  Updated : Jul 08, 2026 10:01 pm IST

हापुड़ में एक विवाहित महिला ने SP कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया है कि एक युवक ने धार्मिक पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए और अब पुरानी तस्वीरों व वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है।

Hapur- India TV Hindi
पीड़िता ने SP से लगाई गुहार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने कई गंभीर आरोपों को लेकर पुलिस को जांच के दायरे में ला दिया है। एक विवाहित महिला ने SP कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी से पहले एक युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए, आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार किए और अब सालों बाद उन्हीं के आधार पर उसे ब्लैकमेल करते हुए धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी रेलवे विभाग में कार्यरत है। महिला का कहना है कि उसने शुरुआत में खुद को हिंदू बताकर उससे दोस्ती की और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी और उसके एक साथी ने कथित तौर पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बना लिए।

पीड़ितो को किया जा रहा ब्लैकमेल

महिला का आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि युवक मुस्लिम समुदाय से है। इसके बाद उसने उससे सभी संबंध खत्म कर दिए। कुछ समय बाद उसकी शादी हो गई और वह पिछले 6 सालों से अपने पति और बच्चों के साथ रह रही है। लेकिन आरोप है कि युवक और उसका साथी पुरानी तस्वीरों और वीडियो के जरिए लगातार उसे ब्लैकमेल करते रहे।

SP कार्यालय के बाहर मीडिया से बातचीत में पीड़िता ने कहा कि शादी से पहले उसकी आरोपी से बातचीत होती थी, लेकिन उसे उसकी धार्मिक पहचान की जानकारी नहीं थी। जैसे ही सच्चाई सामने आई, उसने उससे दूरी बना ली। महिला का आरोप है कि शादी के कई साल बाद भी आरोपी लगातार फोन कर और अन्य माध्यमों से उसे परेशान कर रहा है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसके पति को पुराने वीडियो दिखा दिए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। महिला का आरोप है कि उसके पति ने विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपी की तैनाती इंद्रागढ़ी रेलवे फाटक पर है और उसका एक साथी भी कथित रूप से इस पूरे मामले में उसका सहयोग कर रहा है।

हिंदू धर्म त्यागने का बना रहा दबाव 

शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर पति को छोड़ने और हिंदू धर्म त्यागकर मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहने, अपहरण की धमकी देने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला का कहना है कि इन घटनाओं के कारण उसका पूरा परिवार लंबे समय से भय और मानसिक तनाव में जी रहा है।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके पति को रेलवे फाटक स्थित अपने क्वार्टर पर बुलाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने का प्रयास किया। लगातार मिल रही धमकियों और कथित हमले के बाद पीड़िता ने एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

(रिपोर्ट: निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 'मौत का स्टंट', पैर ऊपर कर बाइक चलाता दिखा युवक, देखें खौफनाक वीडियो

गुरुग्राम NH-48 पर रोंगटे खड़े कर देने वाला स्टंट, सामान को लेकर कैब की छत पर बैठा युवक, वीडियो हुआ वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।