1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मऊ पुलिस की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में चेन स्नैचर हुआ घायल, अस्‍पताल में भर्ती

मऊ पुलिस की बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ में चेन स्नैचर हुआ घायल, अस्‍पताल में भर्ती

मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र में 2 जुलाई को हुई चेन स्नैचिंग की मामले में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी।

Police Encounter- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ चेन स्नेचर

मऊ जिले के मधुबन इलाके के एक चालू बाजार में बीते 2 जुलाई की शाम को कुछ बदमाशों ने एक महिला से सोने की चेन छीन ली थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। 5 जुलाई को चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि चेन छीनने वाले गिरोह के दो शातिर अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से मधुबन इलाके में भैरोपुर बंधा मंदिर से राजू चौक पुलिया की तरफ आए हुए हैं।

आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग

मुखबिर से खबर मिलते ही सीओ दिनेश दत्त मिश्र और इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार गुप्ता की अगुवाई में पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। मधुबन के थाना प्रभारी के.के. गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने भैरोपुर बंधे के पास इन संदिग्धों को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उन्होंने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं, जिससे एक आरोपी नीतीश यादव उर्फ मोनू के दाहिने पैर में गोली लग गई। वहीं पुलिस ने मौके से उसके साथी विशाल सोनकर को भी दबोच लिया।

कौन हैं पकड़े गए बदमाश?

पकड़े गए बदमाशों की पहचान नीतीश यादव उर्फ मोनू और विशाल सोनकर के रूप में हुई है। नीतीश यादव दोहरीघाट के सोनबरसा बेलौली का रहने वाला है और मुठभेड़ के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। वहीं उसका साथी विशाल सोनकर दोहरीघाट के महुआबारी का रहने वाला है, जिसे पुलिस ने बिना किसी चोट के मौके से ही सही-सलामत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बरामद की सोने की चेन

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई काले रंग की अपाची मोटर साइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

घायल बदमाश अस्पताल रेफर

मुठभेड़ में घायल बदमाश नीतीश यादव को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद, उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ के पीजीआई चक्रपानपुर अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है। गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ मधुबन थाने में धारा 109 (1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मऊ से राकेश की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 39 कॉल ने खोली बेवफा पत्नी की पोल

कैंसर से हुई केतन अग्रवाल के दादा की मौत, सिया गोयल के परिवार का बयान