1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 39 कॉल ने खोली बेवफा पत्नी की पोल

प्रेमी संग मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 39 कॉल ने खोली बेवफा पत्नी की पोल

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 05, 2026 10:38 am IST,  Updated : Jul 05, 2026 10:47 am IST

मृतक मोनू के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। वहीं, उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटी भी नहर के पास बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तन्नु का सोनू नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

मोनू के साथ आरोपी पत्नी तन्नु- India TV Hindi
मोनू के साथ आरोपी पत्नी तन्नु Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा की रेवाड़ी पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाते हुए एक 21 वर्षीय युवक की हत्या का पर्दाफाश किया है। थाना कसौला पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके एक मददगार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते पति को रास्ते से हटाने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी और हत्या को सिर्फ एक हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।

डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि गांव जड़थल के रहने वाले रतनलाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 21 साल का बेटा मोनू 8 जून की रात करीब 10 बजे स्कूटी से दवाई लेने निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। 10 जून को गांव आसलवास के पास नहर में मोनू का शव मिला।

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

शुरुआती जांच और फॉरेंसिक (FSL) टीम को मोनू के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले थे। उसकी स्कूटी भी नहर के पास ही खड़ी थी, जिससे पहली नजर में यह मामला नहर में डूबने से हुई दुर्घटना का लग रहा था। लेकिन परिवार वालों ने हत्या का शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़कर वैज्ञानिक और तकनीकी सबूतों के आधार पर बारीकी से जांच शुरू की।

इस जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी तन्नु (निवासी कसोली) और उसके एक साथी हरिओम (निवासी मुंडनवास कमालपुर) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि तन्नु का सोनू नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

आरोपी पत्नी तन्नु के साथ मृतक मोनू
Image Source : REPORTER INPUTआरोपी पत्नी तन्नु के साथ मृतक मोनू

मुंह-नाक दबाकर किया बेसुध, फिर नहर में फेंका

पुलिस जांच में सामने आया कि तन्नु ने अपने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर मोनू को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। इस साजिश में सोनू के दो दोस्तों- हरिओम और अमन को भी शामिल किया गया। योजना के मुताबिक, तन्नु ने फोन करके मोनू को कसोली गांव बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे हरिओम और अमन ने मोनू को पकड़ लिया और उसका मुंह-नाक दबाकर उसे बेसुध कर दिया। इसके बाद सबूत मिटाने और इसे एक हादसा दिखाने के लिए उसे आसलवास नहर में फेंक दिया।

39 कॉल ने खोली आरोपी पत्नी की पोल 

पुलिस के मुताबिक, मोनू का शव मिलने वाले दिन उसकी पत्नी तन्नु फूट-फूटकर रोने का नाटक कर रही थी, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी जांच करते हुए उसकी कॉल डिटेल निकाली, तो तन्नु के ड्रामे की पोल खुल गई। वारदात के आस-पास के समय में उसने अपने प्रेमी सोनू से रिकॉर्ड 39 बार बात की थी।

आरोपी हरिओम
Image Source : REPORTER INPUTआरोपी हरिओम

दो आरोपी रिमांड पर, मुख्य आरोपी की तलाश

अदालत ने गिरफ्तार की गई पत्नी तन्नु और सहयोगी हरिओम को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मुख्य आरोपी प्रेमी सोनू और उसके दूसरे साथी अमन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस को अब फॉरेंसिक की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि यह पूरी तरह साफ हो सके कि मोनू की मौत दम घुटने से हुई थी या पानी में डूबने से।

(रिपोर्ट- सुनील कुमार)

ये भी पढ़ें-

इंदौर में ATM में कैश भरने के दौरान 2 कर्मचारियों ने 40 लाख उड़ाए, सारी रकम ऑनलाइन सट्टे में हारे, हुए गिरफ्तार

हरियाणा के बहादुरगढ़ में हत्या के 2 आरोपियों का एनकाउंटर, दोनों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम था, एक पुलिसकर्मी भी घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।