1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा

प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, 1 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उतारा

मऊ में हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अपने जेल में बंद प्रेमी को छुड़ाने की मांग को लेकर करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी।

Mau- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में 28 जुलाई को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती अपने प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज होकर करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को ऊंचाई पर बैठा देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक समझाने-बुझाने की कोशिशों के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

जानकारी के मुताबिक घटना हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा कस्बे की है। युवती मूल रूप से बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि उसका रतनपुरा निवासी विशाल पासवान नामक युवक से प्रेम संबंध था। कुछ समय पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद युवती के परिजनों ने नगरा थाने में मामला दर्ज कराया था।

युवक को पुलिस ने किया था गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों को बरामद करने के बाद युवक को संबंधित मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि युवती को उसके परिजन मऊ स्थित उसके ननिहाल ले आए थे। बताया जा रहा है कि प्रेमी के जेल जाने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान थी। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे युवती अचानक कस्बे में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। वह काफी ऊंचाई तक पहुंच गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती लगातार अपने प्रेमी को जेल से रिहा कराने की मांग कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

युवती को सुरक्षित नीचे लाना पुलिस के लिए आसान नहीं था। काफी देर तक अधिकारियों ने उससे बातचीत की और समझाने का प्रयास किया। लगभग एक घंटे की लगातार कोशिशों के बाद पुलिस उसे भरोसे में लेने में सफल रही और सकुशल नीचे उतार लिया।

मामले की जांच जारी

टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस युवती को हलधरपुर थाने ले गई, जहां उससे पूरे घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। मधुबन के CO दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने प्रेमी के जेल में होने से नाराज थी और इसी वजह से वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय रहते उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

(रिपोर्ट: राकेश कुमार सिंह)

यह भी पढ़ें:

प्रेमी से मिलने के लिए टावर पर चढ़ गई शादीशुदा महिला, जमकर किया बवाल; VIDEO आया सामने

पीलीभीत में न्याय न मिलने पर 50 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी पीड़िता, सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल