1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दिन में रेकी, रात में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत

दिन में रेकी, रात में दीवार तोड़कर लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत

मुजफ्फरनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में रुड़की रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र में दो बदमाशों ने लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात से पहले दोनों ने दिन में केंद्र की रेकी की और रात में लकड़ी से बनी दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT CCTV में कैद हुई चोरों की पूरी करतूत

मुजफ्फरनगर में चोरी की एक वारदात ने लोगों को हैरान कर दिया है। दो बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाने से पहले दिन में इलाके की पूरी रेकी की। इसके बाद रात के अंधेरे में लौटे और लकड़ी से बनी एटीएम की दीवार तोड़कर जनसेवा केंद्र के अंदर दाखिल हो गए। बदमाश यहां से लाखों रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी कवायद ग्राहक सेवा केंद्र और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।

चोरों ने ग्राहक सेवा केंद्र से उड़ाए लाखों रुपये 

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र में रुड़की रोड का है। यहां बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र को दो चोरों ने निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी दिन के समय आसपास घूमते और केंद्र की रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए जगह और रास्ते की जानकारी जुटाई। रेकी के बाद दोनों बदमाश रात में दोबारा मौके पर पहुंचे। इस बार उनके हाथ में लकड़ी का सहारा था। उन्होंने एटीएम से लगी लकड़ी की दीवार को तोड़ा और ग्राहक सेवा केंद्र के भीतर दाखिल हो गए। इसके बाद वहां रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस के मुताबिक चोरी की रकम लाखों रुपये में बताई जा रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में चोरी का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। फुटेज में बदमाशों की दिन में रेकी और फिर रात में दीवार तोड़कर अंदर घुसने की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि यह एक चोरी की घटना कल सुबह यानी परसों देर रात हुई। जो एटीएम की बताई जा रही है। लेकिन वह एटीएम की नहीं है। वह एटीएम से सटा हुआ जनसेवा केंद्र है। वहां से कुछ कैश की चोरी हुई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम पहुंची। एएसपी के मुताबिक, पुलिस द्वारा अभियुक्त की पहचान कर ली गई है और जल्द ही जो जिम्मेदार बदमाश है। वह पुलिस की हिरासत में होगे। चोरी की रकम के बारे में उन्होंने कहा कि यह कुछ लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस शिकायतकर्ता की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि रकम की बरामदगी के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।

(रिपोर्ट: योगेश त्यागी)

यह भी पढ़ें:

गाजियाबाद में परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती, रात 2 बजे घर में घुसे बदमाश, डेढ़ घंटे तक की लूटपाट

कानपुर में मामूली विवाद के बाद घर में घुसकर महिला से मारपीट, CCTV फुटेज हुआ वायरल