1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने कूदा निहंग, 10 मिनट तक करता रहा हंगामा; VIDEO आया सामने

तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने कूदा निहंग, 10 मिनट तक करता रहा हंगामा; VIDEO आया सामने

झांसी रेलवे स्टेशन पर एक निहंग ट्रेन के आगे कूद गया। उसके हाथ में एक तलवार भी थी। वह करीब 10 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर हंगामा करता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

ट्रेन के आगे कूदा निहंग।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ट्रेन के आगे कूदा निहंग।

झांसी रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निहंग सिख हाथ में तलवार लेकर ट्रेन के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया। निहंग ने ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कही। लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। करीब 10 मिनट तक तलवार लेकर निहंग ट्रैक पर खड़ा रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हाथ में तलवार लेकर पहुंचा निहंग

दरअसल, तस्वीरें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन की हैं, जहां शुक्रवार रात अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि 12286 हजरत निजामुद्दीन-सिकंदराबाद दूरंतो एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान एक निहंग सिख हाथ में तलवार लेकर अचानक ट्रेन के इंजन के सामने रेलवे ट्रैक पर कूद गया।

10 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर रहा

निहंग को ट्रैक पर देखते ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके बाद निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार हाथ में लेकर ट्रैक के बीच खड़ा रहा। वह ट्रेन को आगे नहीं बढ़ने देने की बात कह रहा था। रेलवे कर्मचारियों ने उसे समझाने और ट्रैक से हटाने का प्रयास किया, लेकिन निहंग तलवार लहराकर उन्हें पीछे हटने के लिए कहता रहा।

दो यात्रियों ने बात कर समझाया

मामला बिगड़ता देख ट्रेन में सवार दो सिख यात्री निहंग के पास पहुंचे। दोनों यात्रियों ने उससे बातचीत शुरू की और काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। बातचीत के बाद निहंग ट्रैक से हटकर प्लेटफॉर्म पर आ गया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा पटरी पर जाकर खड़ा हो गया। इसके बाद दोनों सिख यात्रियों ने लगातार उससे बातचीत की और उसे शांत कराया। काफी समझाने के बाद निहंग आखिरकार रेलवे ट्रैक से हट गया। इसके बाद दूरंतो एक्सप्रेस को सिकंदराबाद के लिए रवाना कर दिया गया। 

ट्रेन में सवार था निहंग

बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाला निहंग भी इसी ट्रेन में सवार था। घटना के दौरान स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निहंग करीब 10 मिनट तक तलवार लेकर रेलवे ट्रैक पर खड़ा रहा, लेकिन मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान तत्काल नहीं पहुंचे। ट्रेन के रवाना होने के बाद सुरक्षा बलों के जवान मौके पर पहुंचे। 

जांच में जुटी आरपीएफ और जीआरपी

फिलहाल आरपीएफ और जीआरपी पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि आखिर निहंग तलवार लेकर ट्रैक पर क्यों पहुंचा और स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद वह हथियार के साथ रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंच गया। (इनपुट- आकाश राठौड़)

यह भी पढ़ें-

आपसी रंजिश में बीच सड़क पर मारी गोली, व्यापारी की दिनदहाड़े हत्या; पकड़ा गया आरोपी