लखनऊ: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इन दिनों उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। उनके यूपी दौरे का आज दूसरा दिन है। नितिन नवीन ने यूपी में NDA के साथी दलों के नेताओं से भी मुलाकात की। उनके साथ चुनाव को लेकर मंथन किया। नितिन नवीन आज यूपी के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ अलग-अलग मुलाकात करेंगे। शाम को वह बीजेपी संगठन की बैठक में शामिल होंगे।
सांसदों-विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक
इससे पहले शनिवार को यूपी बीजेपी नेताओं के साथ बैठक में नितिन नवीन ने 2027 के विधानसभा चुनाव जीतने का मंत्र दिया। नितिन नवीन ने कहा कि हमें आपस में लड़ने के बजाय विपक्ष से लड़ना है। नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान नितिन नवीन ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। बड़े-बड़े जुलूस से कुछ नहीं होगा। चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाकर बात करनी होगी। नितिन नवीन ने NDA नेताओं के साथ मीटिंग के बाद दावा किया कि 2027 में बीजेपी NDA के साथियों के साथ मिलकर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
NDA के नेताओं को दिया जीत का मंत्र
NDA दलों के साथ नितिन नवीन की बैठक के बाद निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने इंडिया टीवी से बात की। संजय निषाद ने कहा कि मीटिंग में सीट शेयरिंग को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि 2027 चुनाव मिलकर कैसे जीतना है, इस पर चर्चा हुई है। बैठक में राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर भी कोई चर्चा नहीं हुई है। वहीं यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर ओपी राजभर का बड़ा बयान सामने आया है। ओपी राजभर ने कहा कि तोप का लाइसेंस मांगते हैं, कट्टा मिलता है। हालांकि ओपी राजभर ने ये भी कहा कि सभी NDA दलों का लक्ष्य 2027 में प्रचंड बहुमत हासिल करना है। पूरा NDA 2027 में जीत के लिए काम कर रहा है।
राम मंदिर को लेकर विपक्ष ने सेट किया नैरेटिव
नितिन नवीन के यूपी दौरे का टारगेट ही 2027 के चुनाव से पहले तैयारियों का जायजा लेना है। वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने पहुंचे हैं। लखनऊ में नितिन नवीन ने बीजेपी नेताओं से जो बातें कही हैं, उनमें कई बेहद अहम हैं। नितिन नवीन ने कहा है कि विपक्ष ने राम मंदिर और दूसरे मुद्दों को लेकर हमारे खिलाफ जो नैरेटिव सेट किया है, उसे जनता के बीच जाकर तोड़ना है। नितिन नवीन ने सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों से कहा कि वो जनता के बीच जाकर केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियों को बताएं।
हर क्षेत्र का करना होगा दौरा
नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों को हर महीने क्षेत्र और जिले का दौरा करना है। नितिन नवीन ने सांसद और विधायकों को आपसी टकराव ना रखने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि मनमुटाव छोड़कर समन्वय से काम करें, क्योंकि सांसद और विधायकों के टकराव और ईगो से पार्टी को चुनाव में नुकसान होता है। नितिन नवीन ने कहा चुनाव नजदीक है, टीम भावना से चुनाव के लिए काम करना है। आपस में लड़ने की जगह विपक्षी दलों से लड़ना है।
यह भी पढ़ें-
लखनऊ में आशियाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, BMW कार से 26 लाख रुपए बरामद, 500-500 रुपए के नोटों की 52 गड्डियां मिलीं