बहराइच: जिले के बहराइच-गोंडा हाईवे पर देहात कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बहराइच-चिलवरिया के बीच ट्रैक्टर-ट्राली और रोडवेज बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। किसी तरह से घायलों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच घायलों का अभी भी इलाज चल रहा है, जबकि छह को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है।
ट्रैक्टर चालक की हुई मौत
जानकारी के मुताबिक गोंडा से बहराइच आ रही रोडवेज बस की चिलवरिया के पास सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बस में सवार 11 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे और महिलाएं शामिल हैं। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से बहराइच मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी का इलाज जारी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घायलों की हुई पहचान
- जावेद (35)
- नीरज बाजपेई (35)
- सुरजन (30)
- पार्वती (90)
- सुमित केसबवानी (23)
- रेयांश (02)
- सूरज (35)
- ओम वर्मा (06)
- रुकैया (17)
- शिव प्रसाद (75)
- अरुही (03)
गोंडा से बहराइच जा रही थी बस
पुलिस के मुताबिक 05 जुलाई की सुबह करीब 05 बजे सूचना प्राप्त हुई कि एक वाराणसी कैंट डिपो की रोडवेज बस गोंडा से बहराइच की तरफ आ रही थी। चिलवरिया के पास बस आगे चल रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई है, जिससे ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई गई। इस हादसे में रोडवेज बस में सवार 11 लोग घायल हुए हैं, जिनको तत्काल इलाज हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है। घायलों में 05 का इलाज अभी चल रहा है तथा बाकी 06 को प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। एक महिला की हालत गंभीर है, जिसका समुचित इलाज कराया जा रहा है। ट्रैक्टर ट्राली के चालक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौजूद हैं। (इनपुट- बच्चे भारती)
यह भी पढ़ें-
सो रही युवती को भाई ने मारी गोली, बहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस