सपा मुखिया अखिलेश यादव यूपी विधानसभा चुनाव 2027 का चुनाव PDA के फॉर्मूले पर लड़ने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ यूपी सरकार के मंत्री और SBSP के चीफ लगातार उनके PDA फॉर्मूले का नए-नए फुलफॉर्म बता रहे हैं। इस बार ओपी राजभर ने सपा के राज्यसभा उम्मीदवार बने धनराज नथवानी के जरिए तंज कसा है। ओपी राजभर ने कहा कि सपा समय-समय पर PDA का फॉर्मूला बदलती रहती है। इस बार PDA के नए फॉर्मूले में P से परिवार (राम गोपाल), D से धनीराम/दौलतमंद (धनराज नथवानी), A से अपराधी हैं। राजभर ने कहा कि अब तीसरा उम्मीदवार कोई अपराधी खोजकर लाएंगे तो PDA पूरा हो जाएगा।
PDA में से तो गायब है असली वर्ग
ओपी राजभर ने ये भी कहा कि PDA में से असली वर्ग तो गायब है। उन्होंने सवाल उठाया कि PDA में ब्राह्मण, पिछड़ा, दलित और मुसलमान कहां गए? असली PDA तो गायब है। साथ ही, राजभर ने सपा के मुस्लिम नेताओं पर भी हमला बोला। राजभर ने कहा कि सपा में जितने मुस्लिम सांसद, विधायक, नेता हैं, उनकी हिम्मत नहीं कि अखिलेश से सवाल करें। उनको कहना चाहिए था कि रामगोपाल हमारे वोट से राज्यसभा जाते हैं, हम विधायकों को जिताते हैं, इसलिए राज्यसभा हमारा हक है लेकिन कोई बोलता नहीं है।
डिंपल यादव के निर्विरोध जीतने को भी किया याद
वहीं, डिंपल यादव के 2012 के उपचुनाव में मैनपुरी लोकसभा से निर्विरोध चुनाव जीतने को याद करते हुए ओपी राजभर ने कहा कि कन्नौज वाली सीट पर डिंपल कैसे निर्विरोध जीतीं? राजभर ने आरोप लगाया कि गुंडे-माफिया लगाकर पर्चा भरने वालों को उठवा लिया गया था। जबरदस्ती पर्चे वापस करा लिए गए, तब जाकर निर्विरोध जीत हुई थी।
PDA में से 'P' से पंडित कहां गया
साथ ही, PDA पर सवाल करते हुए ओपी राजभर बोले कि ये लोग किसी के नहीं हैं, ना मुसलमानों के, ना पिछड़ों के, ना दलितों के, ना सामान्य वर्ग के। राजभर ने सवाल उठाया कि PDA में P से पंडित कहां गया? कम से कम एक पंडित को तो राज्यसभा भेज देते। इससे पहले भी, ओपी राजभर ने सपा के राज्यसभा उम्मीदवारों पर तंज कसा था। राजभर ने कहा था कि अखिलेश, सही जा रहे हैं आप। परिवार और धनपति के नाम की तो घोषणा कर ही दी आपने। अब बस एक अपराधी को अपना उम्मीदवार बना दीजिए, आपका पीडीए पूरा हो जाएगा। वहीं, पीडीए जिसमें पी से परिवार, डी से दौलतमंद और ए से अपराधी है। पी से परिवार के प्रोफेसर रामगोपाल आ गए, डी से दौलतमंद से धनराज नाथवानी हो गए। अब एक अपराधी बचा है, घोषणा कर दीजिए।
ये भी पढ़ें- "चच्चू को बुढ़ापे में ये सब देखना पड़ रहा है", OP राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कांग्रेस को लेकर भी दिया बड़ा बयान