1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ''अखिलेश जी, सही जा रहे हैं आप..'', नाथवानी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर राजभर का तंज, बोले- PDA का सिर्फ A और बचा है

''अखिलेश जी, सही जा रहे हैं आप..'', नाथवानी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर राजभर का तंज, बोले- PDA का सिर्फ A और बचा है

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 30, 2026 02:54 pm IST,  Updated : Sep 30, 2026 03:12 pm IST

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर एक बार फिर से हमला बोला है। उन्होंने पीडीए फार्मूले पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में परिवार और दौलतमंद पर भरोसा जताया गया है।

अखिलेश यादव के साथ धनराज परिमल नाथवानी। - India TV Hindi
अखिलेश यादव के साथ धनराज परिमल नाथवानी। Image Source : X@DHANRAJNATHWANI

लखनऊः समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी ने राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान अखिलेश यादव और शिवपाल यादव भी मौजूद रहे। नामांकन से कुछ समय पहले सपा ने दोनों के नाम का आधिकारिक ऐलान किया।

धनराज नाथवानी ने अखिलेश यादव का जताया आभार

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद धनराज नाथवानी ने कहा कि उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने पर मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दिल से आभार और धन्यवाद व्यक्त करता हूं। आज लखनऊ में अखिलेश यादव की मौजूदगी में मैंने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया और सार्वजनिक जीवन के इस नए चरण में कदम रखा।  

वहीं, राम गोपाल और धनराज परिमल नाथवानी को सपा का उम्मीदवार घोषित करने पर यूपी के मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। ओम प्रकाश राजभर ने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा, अखिलेश जी, सही जा रहे हैं आप। परिवार और धनपति के नाम का तो ऐलान कर ही दिया आपने। अब बस एक अपराधी को अपना प्रत्याशी बना दीजिए, आपका पीडीए पूरा हो जाएगा। वही पीडीए जिसमें पी से परिवार, डी से दौलतमंद और ए से अपराधी है। पी से परिवार के प्रो रामगोपाल जी आ गए, डी से दौलतमंद से धनराज नाथवानी जी हो गए। अब एक अपराधी बचा है, घोषणा कर दीजिए।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

इससे पहले राजभर ने एक्स पर शेयर किए गए एक पोस्ट में कहा था कि सुना है अखिलेश यादव आप राज्यसभा के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में उतारने जा रहे हैं। ये बताइए, तीनों आपके “पीडीए” वाले होंगे या नहीं? पहला तो प्रोफेसर साहब हैं। ये आपके पीडीए वाले “परिवार” से हो गए। अब “डी” और “ए” से कौन होगा? डी से कोई “दौलतमंद” होगा क्या? ए से कोई “अपराधी”? बताइयेगा, क्योंकि सभी पिछड़े वर्ग के लोग, दलित भाई और मुसलमान भाई जानना चाह रहे हैं कि आपके पीडीए में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को कैसे आप संसद के ऊपरी सदन भेजने की जुगत में लगे हैं।

आख़िर में एक और सलाह है। तीन के चक्कर में दूसरा मत गंवा दीजिएगा। इससे पहले मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कल भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा था। राजभर ने तंज कसते हुए कहा था कि सपा दफ्तर में शिवपाल और धर्मेंद्र यादव की एंट्री के लिए भी परमिशन चाहिए।

ये भी पढ़ेंः कौन हैं धनराज परिमल नाथवानी? जिन्हें अखिलेश यादव ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार, राम गोपाल के साथ भरा नामांकन

"अखिलेश के बिना सब सूना है...", INDIA ब्लॉक में सीट बंटवारे पर बीजेपी नेता बृज भूषण शरण सिंह का बयान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।