1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. वाराणसी में बेकाबू कार ने राहगीरों को मारी टक्कर, बैक करके दोबारा कुचला; CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना

वाराणसी में बेकाबू कार ने राहगीरों को मारी टक्कर, बैक करके दोबारा कुचला; CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना

वाराणसी में एक कार ने सड़क पर पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। टक्कर मारने के बाद कार सवार दोबारा पीछे आकर कुछ लोगों को कुचल दिया।

 बेकाबू कार ने राहगीरों को मारी टक्कर।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बेकाबू कार ने राहगीरों को मारी टक्कर।

वाराणसी: जिले के सिगरा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां साजन तिराहे के पास उस वक्त आफरातफरी का माहौल बन गया जब बेकाबू कार ने करीब आधा दर्जन लोगों को अपनी चपेट मे ले लिया। घटना देर रात की बताई जा रही है। वहीं कार चालक की यह पूरी करतूत घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना के वक्त लोग सड़क पर पैदल जा रहे थे। इस दर्दनाक घटना में करीब आधा दर्जन लोगों को चोट लगी है। वहीं इस हादसे में दो लोगों की हालत ज्यादा गम्भीर है।

कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद सिगरा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीम ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस अब कार आरोपी कार चालक की तलाश में जुट गई है। हादसा गुरुवार रात का बताया जा रहा है। यहां साजन तिराहे पर बेकाबू कार के द्वारा लोगों को कुचलने की सूचना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। आरोपी ने लोगों को टक्कर मारने के बाद कार बैक की और उनके ऊपर दोबारा कार चढ़ा दी।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद लोगों को काफी हैरानी हो रही है। यहां शहर के मुख्य मार्ग पर कार से हुई इस दुर्घटना के बाद तत्काल चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शहर के सीसीटीवी फुटेज की तलाश ली गई तो घटना का वीडियो भी सामने आया। यह हादसा रात 9 बजकर 51 मिनट पर हुआ। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक तेज रफ्तार कार ने पहले तो सड़क पार कर एक शख्स को धक्का मारा और फिर सड़क के किनारे चल रहे कुछ अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। हैरानी की बात यह है कि CCTV मे दोबारा कार बैक कर चालक ने जमीन पर गिरे एक शख्स को कुचल दिया। (इनपुट- अश्विनी त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

बाइकर्स ने जरा हटके मनाई रामनवमी, 70 बाइक्स से 40 मिनट में लिखा 'राम'; VIDEO वायरल