A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर के बाहर टहल रहे युवक को कार ने उड़ाया, हवा में उछलकर दूर जा गिरा, मौके पर मौत; VIDEO

घर के बाहर टहल रहे युवक को कार ने उड़ाया, हवा में उछलकर दूर जा गिरा, मौके पर मौत; VIDEO

मृतक समीर बाहर रहकर फर्नीचर का काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही ईद मनाने के लिए घर आया था। रोज की तरह रात खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था तभी यह हादसा हुआ।

मृतक समीर की फाइल फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक समीर की फाइल फोटो

यूपी के पीलीभीत में खाना खाकर सड़क किनारे टहल रहे 19 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार की नंबर प्लेट की पहचान कर आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

कैसे हुआ हादसा?

घटना बुधवार रात करीब 10 बजे की है। पीलीभीत की सदर कोतवाली क्षेत्र के मकसूद नगर का रहने वाला 19 वर्षीय मोहम्मद समीर बुधवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर सड़क पर टहल रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि सफेद रंग की तेज रफ्तार ब्रीजा ने युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरा। हादसा इतना जबरदस्त था कि युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और सीसीटीवी वीडियो जुटाने के बाद वीडियो के आधार पर कार की नंबर प्लेट की पहचान कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

सीसीटीवी फुटेज-

कुछ दिन पहले ही ईद मनाने के लिए आया था घर

बता दें कि मृतक समीर बाहर रहकर फर्नीचर का काम करता था। वह कुछ दिन पहले ही ईद मनाने के लिए घर आया था। रोज की तरह रात करीब 10:00 बजे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था तभी यह हादसा हुआ। समीर के कुल पांच भाई है जिसमें वह चौथे नंबर पर था।

(रिपोर्ट- कुलदीप कल्प)

यह भी पढ़ें-

पंजाब कांग्रेस नेता की मौत, ट्रक की टक्कर से Defender के उड़ गए परखच्चे, दिल्ली से लौटते समय हादसा

VIDEO: गोवा के Baga Beach पर बड़ा हादसा, हवा में टूटी पैरासेलिंग की केबल, समुद्र में गिरा पर्यटक