1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दोस्त के नियुक्ति पत्र पर खुद की लगाई फोटो, RPF सेंटर पहुंच कर एक दिन की ट्रेनिंग भी कर ली; फिर...

दोस्त के नियुक्ति पत्र पर खुद की लगाई फोटो, RPF सेंटर पहुंच कर एक दिन की ट्रेनिंग भी कर ली; फिर...

पकड़ा गया युवक यूपी के पीलीभीत का रहने वाला है। उसके एक दोस्त का चयन RPF में हुआ था। उसकी नीयत खराब हुई और उसने अपने दोस्त के नियुक्ति पत्र में एडिटिंग इस पूरे मामले को अंजाम दिया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रोहित कुमार- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रोहित कुमार

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से जालसाजी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां की धूमनगंज पुलिस ने एक ऐसे शातिर युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपने ही दोस्त के सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर कर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के ट्रेनिंग सेंटर पहुंच गया। आरोपी ने न सिर्फ फर्जी दस्तावेज दिखाए, बल्कि राजरूपपुर स्थित RPF सेंटर में एक दिन की ट्रेनिंग भी पूरी कर ली। हालांकि, अगले ही दिन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उसकी पोल खुल गई।

दोस्त के नियुक्ति पत्र पर बदला नाम और फोटो

पकड़े गए युवक की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के पीलीभीत का रहने वाला है। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय के मुताबिक, आरोपी रोहित के एक दोस्त का चयन RPF में हुआ था। रोहित की नीयत खराब हुई और उसने अपने दोस्त के नियुक्ति पत्र में एडिटिंग कर दी। उसने पत्र से दोस्त का नाम, फोटो और जीटीपी डिटेल्स बदलकर अपनी जानकारी डाल दी और उसका रंगीन प्रिंटआउट निकाल लिया।

एक दिन की ट्रेनिंग भी की पूरी

फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर रोहित राजरूपपुर स्थित RPF ट्रेनिंग सेंटर पहुंच गया। शुरुआती दौर में वहां मौजूद स्टाफ का ध्यान इस चालाकी पर नहीं गया और उसे अंदर प्रवेश मिल गया। हद तो तब हो गई जब उसने सेंटर में एक दिन की ट्रेनिंग भी बकायदा पूरी कर ली।

ऑनलाइन वेरिफिकेशन से खुली पोल

जालसाजी का यह खेल ज्यादा दिन नहीं चल सका। दूसरे दिन जब विभाग द्वारा ऑनलाइन डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन शुरू की गई, तो रोहित के फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हो गया। ऑनलाइन रिकॉर्ड में उस रोल नंबर और नाम का मिलान नहीं हुआ। गड़बड़ी पकड़ में आते ही RPF के अधिकारियों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और धूमनगंज पुलिस के हवाले कर दिया।

धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि पकड़े गए युवक रोहित कुमार से गहन पूछताछ की गई है, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी को जेल भेजा जा रहा है। उसके द्वारा दिए गए बयानों की बारीकी से जांच और वेरिफिकेशन किया जा रहा है कि इस साजिश में कोई और तो शामिल नहीं था।

ये भी पढ़ें-

ग्राम प्रधान की पत्नी का शौचालय में मिला अधजला शव, भाई ने जताया हत्या का शक

अपनी शादी की पार्टी देकर लौट रही नवविवाहिता का सोसाइटी में मिला शव, 2 महीने पहले लिए थे सात फेरे