1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ में मिठाई फैक्ट्री पर छापा, 2 क्विंटल जहरीली मिठाई नष्ट

लखनऊ में मिठाई फैक्ट्री पर छापा, 2 क्विंटल जहरीली मिठाई नष्ट

लखनऊ में बिना लाइसेंस चल रही मिठाई फैक्ट्री पर छापा मारकर 2 क्विंटल जहरीली मिठाई नष्ट कराई गई और 180 लीटर तेल सीज किया गया।

बिना लाइसेंस चल रही मिठाई फैक्ट्री पर छापा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बिना लाइसेंस चल रही मिठाई फैक्ट्री पर छापा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को नीवा कासिम खेड़ा स्थित रिंकू की मिठाई फैक्ट्री पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रही फैक्ट्री में निरीक्षण के दौरान भारी गंदगी मिली। जनस्वास्थ्य को देखते हुए अधिकारियों ने मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और दुषित हो चुकी 2 क्विंटल (200 किलोग्राम) मिठाई मौके पर ही नष्ट करा दी। नष्ट की गई मिठाई की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान टीम ने संदिग्ध गुणवत्ता के चलते 180 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल भी सीज कर दिया। सीज किए गए तेल की कीमत करीब 40,860 रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री के बारे में मिली सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी।

पेड़ा, दूध पाउडर और तेल के नमूने लिए

खाद्य सुरक्षा टीम ने गुणवत्ता की जांच के लिए मौके से पेड़ा, एसएमपी (स्किम्ड मिल्क पाउडर), रिफाइंड सोयाबीन तेल और चांदी के वर्क के नमूने भी संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।​ अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी मिठाई कारोबारी के खिलाफ अदालत में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुजफ्फरनगर में 14,500 लीटर मिलावटी दूध जब्त

इससे पहले, यूपी के मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात खाद्य विभाग की टीम ने अकबर मिल्क चिलिंग सेंटर पर छापेमारी कर नकली दूध बनाने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया। टीम ने मौके से करीब 14,500 लीटर तैयार मिलावटी दूध, 235 किलो मिल्क पाउडर, 10 किलो घी, 70 किलो क्रीम, 10 किलो कास्टिक सोडा और 48 लीटर तरल केमिकल बरामद किया। वहीं, 200 किलो मिल्क पाउडर के घोल को मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 10 नमूने लिए, जिनमें पांच दूध, एक घी, एक क्रीम, एक एसएमपी और दो केमिकल के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारों पर दूध और मावा की मांग बढ़ने के चलते विभाग की विशेष निगरानी है।

ये भी पढ़ें-

नेपाल त्रासदी के बीच वडोदरा का NRI कपल लापता, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

नेपाल में एक और तबाही आएगी? भोटेकोशी नदी में बनी बड़ी झील, चीन ने दी जानकारी