1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने 7 लोगों को रौंदा, तीन की मौत, चार लोग घायल

यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर कार ने 7 लोगों को रौंदा, तीन की मौत, चार लोग घायल

यूपी में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर खड़े सात लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने रौंदा दिया। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है।

कार सवार की टक्कर से तीन की मौत।- India TV Hindi
Image Source : X/BALRAMPURPOLICE कार सवार की टक्कर से तीन की मौत।

बलरामपुर: यूपी के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां शनिवार की देर रात दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे सात लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं चार लोगों का इलाज किया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर कार चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है।

पर्दे पर वीडियो देख रहे थे लोग

पुलिस ने बताया कि जिले में दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात चिरगहियां बेलहा गांव में हुई। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु पंडाल के बाहर वीडियो देख रहे थे तभी सिद्धार्थनगर की ओर जा रही कार ने उन्हें कुचल दिया। 

हादसे में तीन लोगों की हुई मौत

पुलिस घायलों को बलरामपुर के जिला स्मारक अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पतेश्वरी (50) के रूप में हुई है। इस घटना में चार अन्य घायल हो गए। इनमें से दो, जिनकी पहचान छेदी राम (45) और डब्लू (35) के रूप में हुई है, को बहराइच के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया

शहर पुलिस अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया, "कोतवाली देहात पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले चरंगहिया बेलहा गांव में कुछ लोग सड़क किनारे पर्दों के नीचे वीडियो देखने के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान, अंधेरा होने के कारण एक वाहन ने कुछ लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दुर्घटना हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को जिला स्मारक अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब 7 लोगों को भर्ती कराया गया। इनमें से 3 लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वाहन चालक पहले तो मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर इलाके को सील करने के बाद उसे रोक लिया गया। चालक को भी पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। मामले की गहन जांच चल रही है; घायलों का इलाज किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख

सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख व्यक्त किया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "जनपद बलरामपुर में एक व्यक्तिगत कार्यक्रम के दौरान हुई दुर्घटना में लोगों की असामयिक मृत्यु अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।"

यह भी पढ़ें-

दुर्गा पंडाल हादसे के घायलों से मिलने अपोलो अस्पताल पहुंचे अमित शाह, पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 गिरफ्तार