A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यौन उत्पीड़न मामले में फंसे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पहुंचे इलाहाबाद हाई कोर्ट, दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका

यौन उत्पीड़न मामले में फंसे शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पहुंचे इलाहाबाद हाई कोर्ट, दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। यह याचिका वरिष्ठ अधिवक्ता राजर्षि गुप्ता, सुधांशु कुमार और श्री प्रकाश के माध्यम से दाखिल की गई है।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद

ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला इलाहाबाद हाई कोर्ट पहुंचा। इलाहाबाद हाई कोर्ट में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है। अधिवक्ता राजर्षि गुप्ता, सुधांशु कुमार और श्री प्रकाश के जरिए याचिका दाखिल की गई। इस याचिका पर जल्द सुनवाई हो सकती है।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद तब शुरू हुआ जब तुलसी पीठाधीश्वर स्वामी रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी ने जिला अदालत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173(4) के तहत अर्जी दाखिल की थी। इस अर्जी में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजे (रेप एंड पोक्सो स्पेशल कोर्ट) विनोद कुमार चौरसिया ने झूंसी पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर विवेचना करने का कड़ा आदेश दिया था।

इन धाराओं में दर्ज हुई FIR

अदालत के आदेश के अनुपालन में प्रयागराज की झूंसी थाना पुलिस ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद, उनके शिष्य मुकुंदानंद गिरी और 2-3 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर बीएनएस की धारा 351(3), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की धारा 5l, 6,3,4(2),16 और 17 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना भी शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सतर्कता से हर पहलू की जांच कर रही है।

उम्रकैद तक की सजा

यह कार्रवाई सात अलग-अलग धाराओं के तहत की है, जिनमें 20 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। कानून के जानकार कहते हैं कि इनमें अंतरिम जमानत होना मुश्किल है।

ये भी पढ़ें-

"अविमुक्तेश्वरानंद पर आरोप लगाने वाले पर भी हैं FIR", राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दावा

'मेरी तीन बेटियों से शंकराचार्य पर झूठे आरोप लगाने का ऑफर दिया', हरदोई के व्यक्ति ने आशुतोष ब्रह्मचारी पर लगाए गंभीर आरोप