1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में घर के भीतर चल रही नकली क्रीम फैक्ट्री का पर्दाफाश, 955 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट

हापुड़ में घर के भीतर चल रही नकली क्रीम फैक्ट्री का पर्दाफाश, 955 किलो मिलावटी क्रीम नष्ट

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

Hapur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हापुड़ में नकली क्रीम की खेप बरामद

घर बाहर से एक सामान्य मकान जैसा दिख रहा था, लेकिन अंदर बड़े पैमाने पर मिलावटी क्रीम तैयार की जा रही थी। हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई ने ऐसे ही एक कथित मिलावटखोरी के ठिकाने का खुलासा किया है। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर चौपला इलाके में टीम ने छापेमारी कर करीब 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। बताया जा रहा है कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को इस अवैध कारोबार की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने कुचेसर चौपला स्थित एक मकान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान वहां क्रीम तैयार करने और उसे आगे खपाने का कथित कारोबार सामने आया।

955 किलो की पूरी खेप नष्ट 

अधिकारियों के मुताबिक, बरामद क्रीम की जांच में वनस्पति, रिफाइंड तेल और अन्य रसायनों के इस्तेमाल की बात सामने आई। खाद्य विभाग ने मौके से क्रीम के नमूने भी लिए, जिन्हें आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। वहीं करीब 955 किलो की पूरी खेप को नष्ट करा दिया गया, ताकि इसे बाजार में पहुंचाकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न किया जा सके।

कार्रवाई के दौरान यह बात भी सामने आई कि जिस व्यक्ति के ठिकाने पर छापेमारी हुई, वह कथित तौर पर पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहा है। पूर्व में कार्रवाई होने के बाद उसने अपना ठिकाना बदल लिया था। अब नए स्थान पर दोबारा मिलावटी खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने की सूचना मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।

खाद्य विभाग की कार्रवाई रहेगी जारी

त्योहारी सीजन से पहले खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। त्योहारों के दौरान दूध और उससे बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है और इसी का फायदा उठाकर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं। विभाग ने साफ किया है कि मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। यह पहली बार नहीं है जब उत्तर प्रदेश से मिलावटी खाद्य सामाग्री की इतनी बड़ी खेप पकड़ी गई है। हाल ही में शाहजहांपुर में नकली बेसन और दाल बनाने वाली 2 फर्मों का भंडाफोड़ हुआ था। ये फर्में प्रतिष्ठित ब्रांड राजधानी के नाम का गलत इस्तेमाल कर रही थीं। 

(रिपोर्ट: निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें:

कानपुर में IBPS PO परीक्षा में फर्जीवाड़ा, नकल कराने वाले गिरोह का हुआ पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

सड़कों की बदहाली पर जेन अल्फा का आक्रोश, BSA ने गोद में उठाया निकल गए गांव की ओर