शाहजहांपुर: यूपी के शाहजहांपुर में नकली बेसन और दाल बनाने वाली फर्मों का भंडाफोड़ हुआ है। ये फर्में प्रतिष्ठित ब्रांड 'राजधानी' समेत कई कंपनियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर रही थीं और 'राजधानी' और अन्य ब्रांड के नाम पर नकली बेसन और दालें बेच रही थी। छापेमारी टीम ने इस फर्जी फर्म से 32 लाख रुपए से ज्यादा का माल बरामद किया है। इस दौरान 1300 बोरों में रखी दाल सीज की गई है।
क्या है पूरा मामला?
जिलाधिकारी कार्यालय शाहजहांपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, "30 जून को दिल्ली की एक प्रतिष्ठित कंपनी द्वारा शिकायत मिली थी कि शाहजहांपुर के जियाखेल मोहल्ले में विकास अग्रवाल और विवेक अग्रवाल द्वारा उनके ब्रांड की डुप्लीकेसी की जा रही है। इस शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर जियाखेल मोहल्ले में एक ही परिसर में संचालित 2 फर्मों (मै. आरव उद्योग और मै. श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज) पर छापेमारी की गई।"
बेसन और दाल से भरे 550 बोरे मिले
मै. आरव उद्योग फर्म पर, शिकायत करने वाली फर्म के ब्रांड के बेसन और दाल से भरे 550 बोरे मिले और 200 खाली बोरे भी मिले। इसके अलावा पैकिंग करने वाली मशीन भी मिली। मै. आरव उद्योग और मै. श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज पर कई ब्रांडों के बेसन और दालों की करीब 3500 क्विंटल भंडारित मात्रा पाई गई, जिसमें बेसन और दालों के कुल 7 नमूने लिए गए।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांडों के नाम छपे हुए 800 खाली बोरे और पैकिंग मशीन भी बरामद हुई है।
1300 बोरों में रखी दाल सीज, कीमत 32 लाख से ज्यादा
छापेमारी के दौरान 1300 बोरों में रखी दाल को सीज कर दिया गया, जिसकी मात्रा लगभग 386 क्विंटल थी और कीमत 32 लाख 87 हजार थी।
इस मामले में दिल्ली की फर्म द्वारा कॉपीराइट एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करवाई जा रही है।
बता दें कि राजधानी देश का एक प्रतिष्ठत ब्रांड है और घरों में इसके प्रोडक्ट्स खूब यूज किए जाते हैं। ऐसे में नकली माल को प्रतिष्ठित ब्रांड की पैकिंग में बेचकर ये नकली व्यापार करने वाली फर्में, एक तरफ जनता की सेहत से खिलवाड़ कर रही थीं, वहीं दूसरी तरफ राजधानी ब्रांड की साख को भी नुकसान पहुंचा रही थीं।
ये भी पढ़ें-