उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में आठ दिन से लापता 26 वर्षीय महिला का शव मंगलवार को महमूदपुर गांव के पास पेड़ से लटका मिला। शव काफी हद तक सड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
पुलिस के अनुसार, भवनपुर गांव निवासी महिला 22 सितंबर की दोपहर इलाज कराने के लिए दियारा बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। महिला के परिजनों ने 23 सितंबर को लंभुआ थाने में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
महमूदपुर गांव के पास पेड़ से लटका मिला शव
मंगलवार को महिला का शव लंभुआ थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के पास एक पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
महिला के शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि गुमशुदगी की शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर कार्रवाई होती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।
सर्किल ऑफिसर ऋतिक कपूर ने बताया कि पुलिस महिला की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं और परिस्थितियों की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फंदे से लटके मिले मां-बेटी के शव
वहीं, यूपी के गाजियाबाद के खोड़ा इलाके की शंकर विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक कमरे के अंदर 28 वर्षीय महिला और उसकी तीन साल की बेटी के शव एक ही फंदे से लटके मिले। महिला अपने पति और बेटी के साथ किराए के कमरे में रहती थी। बताया गया कि पति पानी लेने के लिए बाहर गया था और वापस लौटने पर कमरे में दोनों के शव लटके मिले।
(भाषा इनपुट के साथ)
ये भी पढ़ें-
बंगाल में स्कूली बच्चों के हाथ से छिनेगा मोबाइल? अब पढ़ाई के लिए मिल सकता है टैबलेट
‘JCB आ गई है, पहुंचो...’ उज्जैन में बवाल से पहले साजिद-इमरान ने क्या किया? सामने आया वीडियो