1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. महिलाओं से लूटमार करने के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में धरदबोचे

महिलाओं से लूटमार करने के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में धरदबोचे

बरेली पुलिस ने लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन पर महिला का पर्स लूटने का आरोप है। आरोपियों की पुलिस से एक मुठभेड़ भी हुई।

Bareilly police arrested two accused of robbery.- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बरेली पुलिस ने लूट के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है

उत्तर प्रदेश के बरेली में राह चलती महिला को निशाना बनाकर लूटमार करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों की पहचान उफैज और शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। 

पीलीभीत रोड पर तीन नवंबर की है घटना

दरअसल 3 नवंबर की शाम जब पीलीभीत रोड पर पासपोर्ट ऑफिस के पास स्कूटी से जा रही एक महिला को मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने स्कूटी के हैंडल के पास लटका पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित महिला ने थाना बारादरी पहुंचकर घटना की शिकायत कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। सीओ बरेली ने बताया कि थाना बारादरी पुलिस टीम छिनैती की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया है। उन्होंने कहा कि रात में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की ओर से जब दो संदिग्धों को मोटरसाइकिल से आते हुए देखा गया। उन्हें रोकने का प्रयास किया गया। 

आरोपियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

आरोपियों की ओर से बाइक न रोककर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया। जवाबी फायरिंग में इनमें से एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी है, जिसका नाम उफैज है। इसके अलावा उसका एक और साथी भी गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम शकील उर्फ शानू उर्फ नागराज है। ​घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। इनके कब्जे से दो अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस दो जिंदा कारतूस, छिनैती की घटना से संबंधित पर्स, मोबाइल फोन, तीन एटीएम कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस, 1810 रुपये नगद और कुछ चाबियां बरामद हुई हैं। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी इनके कब्जे से बरामद हुई है। ​

शौक पूरे करने के लिए देते थे घटनाओं को अंजाम

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अशिक्षित हैं और कोई कामकाज नहीं करते। अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 3 नवंबर की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि वे बाइक से पीलीभीत रोड स्थित सैटेलाइट की ओर से बीसलपुर चौराहे जा रहे थे। उसी समय उन्हें स्कूटी सवार महिला के हैंडल पर एक पर्स लटका दिखाई दिया। मौका मिलते ही पर्स पर उन्होंने झपट्टा मारा और वहां से फरार हो गए।

बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

हाथरस में बड़ा हदसा, घर में आग लगने से बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत

हापुड़ में बड़ी कार्रवाई, पकड़ी गई नकली खोये की फैक्ट्री, 16 क्विंटल मिलावटी खोया हुआ बरामद