1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बागपत में डबल मर्डर: टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे को दुकान में घुसकर मारीं गोलियां; CCTV फुटेज आया सामने

बागपत में डबल मर्डर: टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे को दुकान में घुसकर मारीं गोलियां; CCTV फुटेज आया सामने

मंगलवार को सरेआम गोलियों की तड़तड़ाहट से यूपी का बागपत गूंज उठा। अपने गुर्गों के साथ पहुंचे हिस्ट्रीशीटर ने टेंट कारोबारी और उसके बेटे पर गोलियों की बरसात कर दी। लेकिन भागते वक्त खुद भी भीड़ के हत्थे चढ़ गया जहां उसे भी गोली लग गई। बड़ी मुश्किल से पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाया और अस्पताल पहुंचाया।

मृतक सोहनलाल और विकास।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक सोहनलाल और विकास।

यूपी के बागपत में मंगलवार को दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात हुई। टेंट कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके 30 साल के बेटे विकास अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और अब वो हिस्ट्रीशीटर आरोपी वरुण लुहारी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।

बदमाशों से भिड़ गया था विकास

बागपत के बड़ौत में दिल्ली बस स्टैंड पर सोहनलाल का टेंट का कारोबार है। टेंट कारोबारी पर हमले की पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मंगलवार दोपहर बाद दो बाइक से तीन बदमाश कारोबारी सोहनलाल अग्रवाल की दुकान पर पहुंचे थे जहां सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ दुकान में बैठे थे। बदमाशों ने पिस्टल से दोनों पर दनादन फायरिंग शुरू कर दी। सीने पर गोली लगने से सोहनलाल घायल हो गए जिसके बाद उनका बेटा विकास दुकान से बाहर आया और बदमाश से भिड़ गया। 

Image Source : reporter inputसीसीटीवी में कैद हुआ हमलावर।

फायरिंग में एक हमलावर और एक राहगीर भी घायल

विकास पिस्टल छीनने लगा, तभी उससे गोली चल गई और हमलावर भी घायल हो गया। लेकिन इतनी ही देर में दूसरा बदमाश पीछे से आया और विकास को गोली मार दी। अस्पताल ले जाते वक्त दोनों पिता-पुत्र की मौत हो गई। वारदात के वक्त गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने बदमाशों को दौड़ा दिया। दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे, जिससे एक राहगीर को भी गोली लग गई। फिलहाल अस्पताल में राहगीर और हमलावर दोनों का इलाज चल रहा है। 

प्रेग्नेंट है विकास की पत्नी

विकास अग्रवाल की 6 महीने पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी दो महीने की गर्भवती है। अब परिवार में सिर्फ सास-बहू बची हैं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हमले का CCTV वीडियो आया सामने-

11 साल की रंजिश में बाप-बेटे का मर्डर

बागपत में हुए इस डबल मर्डर में हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी का नाम सामने आया है। वरुण लुहारी और अग्रवाल परिवार के बीच 11 साल से रंजिश चल रही है। 2015 में शराब के ठेके पर हुए विवाद में वरुण लुहारी के भाई कपिल लुहारी की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि उसी का बदला लेने के लिए वरुण लुहारी ने सोहनलाल और उनके बेटे पर हमला किया।

पुलिस चौकी के पास हुआ डबल मर्डर

हैरानी की बात ये है कि बागपत में ये डबल मर्डर पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई जिससे स्थानीय कारोबारियों के साथ-साथ आम लोगों में जबरदस्त गुस्सा देखा जा रहा है। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस की नाक के नीचे इतनी बड़ी वारदात हो गई और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर अपने कब्जे में ले लिया है और भरोसा दिया है कि वारदात में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

(रिपोर्ट- पारस जैन)

यह भी पढ़ें-

यूपी: सीतापुर में बीजेपी नेता को बाइक सवार 3 लोगों ने गोली मारी, हालत गंभीर, लखनऊ रेफर किया गया

यूपी: पत्नी के सामने पति की गोली मारकर हत्या, 4 महीने पहले की थी लव मैरिज, पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई थी