1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: सीतापुर में बीजेपी नेता को बाइक सवार 3 लोगों ने गोली मारी, हालत गंभीर, लखनऊ रेफर किया गया

यूपी: सीतापुर में बीजेपी नेता को बाइक सवार 3 लोगों ने गोली मारी, हालत गंभीर, लखनऊ रेफर किया गया

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 09, 2026 11:57 pm IST,  Updated : Jun 10, 2026 12:00 am IST

यूपी के सीतापुर में एक बीजेपी नेता को बाइक सवार हमलावरों ने निशाना बनाया और गोली मार दी। इस घटना में बीजेपी नेता गंभीर रूप से घायल है।

BJP- India TV Hindi
बीजेपी नेता को गोली लगी Image Source : REPORTER INPUT

सीतापुर: यूपी के सीतापुर में भाजपा नेता सुखदीप सिंह को देर शाम बाइक सवार तीन हमलावरों ने गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बता दें कि सुखदीप सिंह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री हैं। घटना के पीछे पंचायत चुनाव को लेकर रंजिश बताई जा रही है।

लखनऊ रेफर किया गया

भाजपा नेता सुखदीप को हमलावरों ने उस समय गोली मारी जब वह अपने पुराने घर से नए घर जा रहे थे। भाजपा नेता सुखदीप को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।  प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। हमले के पीछे अजय यादव,धर्मेंद्र यादव और अरुण यादव का हाथ होना बताया जा रहा है।

एसपी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक, घायल सुखदीप के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। यह पूरा मामला हरगांव थाना क्षेत्र बनिहार गांव का है।

बताते चलें कि बनिहार गांव के रहने वाले सुखदीप सिंह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला मंत्री हैं। मंगलवार शाम को वह अपने पुराने घर से नए घर को जा रहे थे, तभी घर से कुछ दूरी पर चुनावी रंजिश रखने वाले अजय यादव, धर्मेंद्र यादव और अरुण यादव एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे और सुखदीप को रोककर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी।

फायरिंग के दौरान एक गोली सुखदीप सिंह की पीठ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल सुखदीप को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। 

जिला अस्पताल से भी उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के पीछे चुनावी रंजिश की बात सामने आ रही है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। 

वहीं पूरे मामले को लेकर एसपी अंकुर अग्रवाल ने बताया कि सुखदीप के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। घटना के हर पहलू को लेकर जांच की जा रही है। (रिपोर्ट- मोहित मिश्रा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।