यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव होने वाला है और इसके बाद जल्द ही विधानसभा चुनाव भी होने वाला है। ऐसे में सूबे का राजनीतिक माहौल बदला हुआ है। इस बीच INDI गठबंधन में सीट-शेयरिंग को लेकर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रिएक्शन दिया है।
बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर अखिलेश यादव ने कहा, "उनके साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं और हम सभी उत्तर प्रदेश के विकास और किसानों को खुशहाली की राह पर ले जाने के मकसद के लिए एकजुट हैं।"
'अखिलेश के बिना सब सूना है'
बता दें कि बुधवार सुबह कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की जमकर तारीफ की। यूपी विधानसभा चुनावों के लिए विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन में सीट-बंटवारे की बातचीत और राजनीतिक समीकरणों पर टिप्पणी करते हुए बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव के बिना सब सूना है। बीजेपी के पूर्व सांसद का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बृजभूषण शरण सिंह के इस बयान ने कई कयासों को जन्म दे दिया। अब अखिलेश यादव ने भी इसपर ऐसी प्रतिक्रिया दे दी है, जिससे कयासबाजी और ज्यादा तेज हो गई है। दोनों नेताओं के बयानों ने यूपी की राजनीति में नया ट्विस्ट ला दिया है।
पहले भी अखिलेश की तारीफ कर चुके हैं बृजभूषण
इससे पहले भी बृजभूषण शरण सिंह ने कई मौकों पर अखिलेश यादव की खुलकर तारीफ की है। अखिलेश और बृजभूषण एक-दूसरे के खिलाफ पहले से ही कोई बयानबाजी नहीं करते। दोनों नेता कई बार सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे से अच्छे संबंध का हवाला भी दे चुके हैं। बीजेपी में आने से पहले बृजभूषण सपा में भी रह चुके हैं।
अखिलेश ने क्या ट्वीट किया?
इस बीच अखिलेश यादव ने एक ट्वीट भी किया है। दरअसल, दिल्ली की बैठक में उनके ना शामिल होने को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई थी कि क्या सपा और कांग्रेस में सीट शेयरिंग का मुद्दा अटक रहा है। इस बीच अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, 'यही भाजपा का सबसे बड़ा दुख है कि कमर कसे INDIA एकजुट है'। इस ट्वीट के जरिए उन्होंने बीजेपी पर हमला बोला है और दिखाने की कोशिश की है कि वह इंडिया ब्लॉक के साथ हैं।
यह भी पढ़ें-
''अखिलेश जी, सही जा रहे हैं'', नाथवानी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने पर राजभर का तंज, बोले- PDA का सिर्फ A और बचा है