उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में खतरनाक हादसे का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, यूपी के कौशांबी के सिहोरी टोल प्लाजा पर LPG टैंकर में धमाके के बाद आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें स्थिति भयानक देखी जा रही है।
कैसे हुआ धमाका?
सामने आई जानकारी के अनुसार, यूपी के कौशांबी में टोल प्लाजा के पास 26 जून को हुए इस हादसे में LPG गैस का टैंकर डिवाइडर से टकरा गया था। टक्कर के बाद टैंकर का कैप्सूल फट गया था और पूरे इलाके में गैस फैल गई थी। इसके बाद पूरा इलाका आग का गोला बन गया था। इस हादसे में टैंकर के ड्राइवर समेत 4 की मौत हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया
कौशांबी में हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। एलपीजी से भरे टैंकर में पहले तो गैस की लीकेज शुरू हुई और फिर अगले ही पल इसमें जोर का धमाका हो गया। जोरदार धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। आग की लपटें इतनी ऊपर उठने लगीं कि कई किलोमीटर दूर से भी आग का तांडव साफ साफ देखा गया। आग की लपटों का ये तांडव यूपी के कौशांबी के सिहोरी टोल प्लाजा पर दिखा। जानकारी के अनुसार, ये हादसा 26 जून का है लेकिन इसकी डरावनी तस्वीरें अब सामने आई है। हादसे में चार लोगों की मौत हुई है।
एटा में भी दर्दनाक हादसा
दूसरी ओर यूपी के एटा में भी दर्दनाक हादसा देखने को मिला है। यहां एक ट्रक ने सड़क के किनारे मरम्मत के लिए खड़ी रोडवेज की बस को पीछे से टक्कर मार दी है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है और 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गयी। ये बस दिल्ली से आ रही थी और खराब होने के बाद मरम्मत के लिए सड़क किनारे खड़ी थी। जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें- यूपी के एटा में दर्दनाक हादसा, सड़क के किनारे खड़ी रोडवेज बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत और 12 घायल
मेरठ में ब्लिंकिट स्टोर में लगी भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू