1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ में ब्लिंकिट स्टोर में लगी भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

मेरठ में ब्लिंकिट स्टोर में लगी भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

 Reported By: Hima Agrawal Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 02, 2026 10:58 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 04:03 pm IST

मेरठ के मंगल पांडे नगर स्थित ब्लिंकिट स्टोर में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 6 गाड़ियों ने करीब एक घंटा लगा।

Meerut Fire- India TV Hindi
मेरठ में ब्लिंकिट स्टोर में लगी आग Image Source : REPORTER INPUT

मेरठ के पॉश इलाके मंगल पांडे नगर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ब्लिंकिट स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे स्टोर में फैल गईं और आसपास के दुकानदारों व स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग बुझाने में करनी पड़ी मशक्कत

यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर स्थित एपेक्स टावर के पास बने ब्लिंकिट स्टोर में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, स्टोर के भीतर अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की तीव्रता को देखते हुए पहले चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। हालात गंभीर होने पर दो और फायर टेंडर बुलाए गए।

आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर बाहर निकल आए। पूरे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि ब्लिंकिट स्टोर में मौजूद सभी कर्मचारी समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

शॉर्ट सर्किट मानी जा रही आग की वजह

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पहली नजर में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फायर अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे वह इमारत के ऊपरी हिस्से और आसपास की अन्य दुकानों तक नहीं फैल सकी। स्टोर के निचले तल पर ग्रॉसरी का सामान रखा था, जबकि ऊपर अन्य शोरूम मौजूद थे। यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती, तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था। फिलहाल आग से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।

पिछले कुछ दिनों में आग की कई घटनाएं देखने को मिली हैं, जिनमें जान और माल दोनों का भारी नुकसान हुआ है। पिछले महीने लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। वहीं, दिल्ली में एक होटल में भी आग से कई लोग मारे गए थे। अब मेरठ में लगी इस आग ने लोगों को डरा दिया है।

यह भी पढ़ें 

बरेली में बारिश बनी काल, जर्जर दीवार ढहने से चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

फतेहपुर में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।