1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फतेहपुर में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

फतेहपुर में पत्नी के मायके से नहीं लौटने पर युवक ने दी जान, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 02, 2026 08:05 pm IST,  Updated : Jul 02, 2026 08:05 pm IST

फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र में पत्नी के मायके से वापस नहीं लौटने से परेशान एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

Fathepur- India TV Hindi
युवक ने लगाई फांसी Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। पत्नी के मायके से वापस नहीं आने से परेशान एक युवक ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपनी पत्नी को फोन कर बच्चों का ख्याल रखने और उससे बेहद प्यार करने की बात कही थी। कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया।

फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी

यह घटना ललौली थाना क्षेत्र के पथरी मजरा अढ़ावल गांव की है। पुलिस के अनुसार, 35 साल के अमित निषाद अपने घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि अमित शारीरिक रूप से दिव्यांग था और मजदूरी करके किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी अनीता इन दिनों अपने मायके में एक शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थी। अमित लगातार उसे घर लौटने के लिए कह रहा था, लेकिन वह अभी तक वापस नहीं आई थी।

खुदकुशी से पहले पत्नी को मिलाया फोन

बताया जा रहा है कि घटना से पहले अमित ने पत्नी को फोन किया। दोनों के बीच करीब पांच मिनट तक बातचीत हुई। परिजनों के मुताबिक, फोन पर उसने कहा कि अब तुम बच्चों का ध्यान रखना, मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। इसके बाद उसने घर के अंदर साड़ी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक अमित बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा। वहां वह फंदे से लटका मिला। यह नजारा देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

अमित अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी सात साल की बेटी मानसी, पांच साल का बेटा आयुष और दो साल का अभिषेक अब पिता के साये से वंचित हो गए हैं। इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

(रिपोर्ट: उमेश चन्द्रा)

यह भी पढ़ें 

बरेली में बारिश बनी काल, जर्जर दीवार ढहने से चचेरे भाई-बहन की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

जीजा की हत्या कर फरार हो गया था साला, पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली मारकर किया गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।