A
Hindi News उत्तर प्रदेश वाराणसी में हुई विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की खबर के बाद मची थी अफरा-तफरी

वाराणसी में हुई विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बम की खबर के बाद मची थी अफरा-तफरी

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, ये इंडिगो एयरलाइंस का विमान था जिसमें बम की खबर मिली थी। इस कारण एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

varanasi indigo plane emergency landing- India TV Hindi Image Source : PTI वाराणसी में प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग। (फाइल फोटो)

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में रविवार को इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। जानकारी के मुताबिक, इस विमान में बम होने की सूचना सामने आई थी जिसके बाद विमान को आपात स्थिति में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर उतारा गया। जब लैंडिंग के बाद विमान की तलाशी ली गई तो वहां कुछ भी विस्फोटक या संदिग्ध सामान नहीं मिला। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इंडिगो के विमान ने हैदराबाद से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी। इस विमान में एक कागज का टुकड़ा मिला था जिस पर लिखा था कि प्लेन में बम रखा है और ये किसी भी वक्त फट सकता है। मामले की जानकारी सामने आने के बाद विमान के क्रू मेम्बर्स ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम को इस घटना के बारे में सूचना दी। इसके बाद वाराणसी के बाबतपुर में स्थित एयरपोर्ट पर सुरक्षा कारणों से विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

विमान की गहन तलाशी की गई

पुलिस ने बताया है कि वाराणसी एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग के बाद बम निरोधक दस्ता, दमकल गाड़ियां, CISF के जवान और पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे और प्रोटोकॉल के अनुसार यात्रियों और विमान की गहन तलाशी की गई। तलाशी के दौरान विमान को एयरपोर्ट के पूर्वी छोर पर रोक कर रखा गया और यात्रियों को नीचे उतारा गया।

कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों की ओर से विमान की सघन तलाशी ली गई। इसके साथ ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार यात्रियों की भी तलाशी ली गई है। हालांकि, पूरी प्रक्रिया के दौरान विमान में किसी भी तरह के विस्फोटक या किसी अन्य हानिकारक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में बन गए 24 फर्जी पासपोर्ट, 25 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, पोस्टमैन भी नप गया

गूगल पर सर्च किया मरने का तरीका, फिर शख्स ने खुद को लगा ली आग; हुई मौत