गाजियाबाद: जिले के मोदीनगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। युवक को जली हुई गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां आज युवक की मौत हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मोदीनगर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने युवक के मोबाइल को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि युवक का एक युवती से अफेयर चल रहा था। आशंका है कि उसी को लेकर युवक ने खुद को आग लगाई होगी।
हाल ही में स्टेनो पद पर हुआ था चयन
दरअसल, मोदीनगर के मंगल विहार कॉलोनी में रहने वाले जितेंद्र यादव सिंचाई विभाग में तैनात हैं। उनके बड़े बेटे मधुर यादव (25 साल) का कुछ दिन पहले ही राजस्थान की कोर्ट में स्टेनो के पद पर चयन हुआ था। अभी तक मधुर यादव की ज्वाइनिंग की डेट भी नहीं आई थी। इससे पहले ही मधुर यादव ने शनिवार रात को पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली। आग लगने की वजह से वह करीब 80 प्रतिशत झुलस गया। इसके बाद परिजनों ने उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आज रविवार सुबह मधुर की मौत हो गई।
सर्च हिस्ट्री में मिला मरने का तरीका
मोदीनगर पुलिस ने जब मधुर के मोबाइल फोन की जांच की तो पता चला कि 31 जनवरी को उसने गूगल पर सर्च किया कि मरा कैसे जाता है? फांसी से कैसे मरा जाता है? जलकर कैसे मरा जाता है? इसके बाद पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर साइबर एक्सपर्ट से भी राय ली है। पुलिस की जांच में आया कि एक सप्ताह पहले भी युवक ने अपने एक राइट हाथ को जला लिया था। सूचना है कि मधुर का एक लड़की से अफेयर था, आशंका जताई जा रही है कि उसी लड़की के अफेयर में के चलते उसने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। (इनपुट- जुबेर अख्तर)
यह भी पढ़ें-
पानी की टंकी में मिली मानव खोपड़ी और कंकाल, जांच में जुटी पुलिस