A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सच्चाई जानकर हैरान हो जाएंगे

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम होने की सूचना, यात्रियों में मची अफरा-तफरी, सच्चाई जानकर हैरान हो जाएंगे

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को बम होने की सूचना मिली जिसके बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, जब इस मामले की सच्चाई सामने आई तो हर कोई हैरान रह गया।

UP Lucknow aishbagh stadium bomb threat- India TV Hindi
Image Source : REPORTER ऐशबाग स्टेशन पर मंगलवार को बम होने की सूचना मिली।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मंगलवार को हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। लखनऊ में स्थित ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर बम होने की सूचना मिली। इसके बाद स्टेशन पर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्टेशन पर बम होने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, जांच के बाद जो सच्चाई सामने आई वह हैरान कर देने वाली है। 

जांच में सामने आया हैरान करने वाला मामला

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर बम मिलने की खबर सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, तलाशी में बम नहीं मिला। पुलिस को मामले में पता चला है कि एक यात्री को ट्रेन में जगह नहीं मिल रही थी इसलिए उसने बम होने की अफवाह फैलाई।

पुलिस ने क्या बताया?

इस पूरी घटना को लेकर पुलिस ने बताया- "आज दिनांक 16.06.2026 को ऐशबाग स्टेशन पर एक ट्रेन में बम होने की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस, जीआरपी एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं सघन चेकिंग की गई। जांच के दौरान ट्रेन तथा उसके सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। बम मिलने की सूचना पूर्णतः असत्य पाई गई। जांच के उपरांत ट्रेन को सुरक्षित पाए जाने पर उसे अपने अगले गन्तव्य हेतु सकुशल रवाना कर दिया गया। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।"

आरोपी हिरासत में

पूछताछ में ज्ञात हुआ कि सैनी जैकी (उम्र लगभग 26 वर्ष) पुत्र सोवनाथ, निवासी विमलवाड़ा, थाना बेमू पुलवाड़ा, जनपद रजाना, राज्य तेलंगाना को ट्रेन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल रहा था। इसी कारण उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। उक्त व्यक्ति को जीआरपी पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में ट्रेन को सकुशल रवाना कर दिया गया है तथा मौके पर शांति एवं कुशलता की स्थिति है।

ये भी पढ़ें- सैल्यूट नहीं किया तो पुलिस को धमकाने लगा फर्जी IPS अधिकारी, 40 रुपये के लिए खुल गई पोल; जाना पड़ा हवालात

मिर्जापुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार