1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मिर्जापुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

मिर्जापुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार

 Written By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jun 16, 2026 12:10 pm IST,  Updated : Jun 16, 2026 12:10 pm IST

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक तस्कर गोली लगने से घायल हो गया जबकि 2 अन्य गिरफ्तार हो गए।

Mirzapur- India TV Hindi
पुलिस मुठभेड़ में घायल गौ तस्कर Image Source : REPORTER INPUT

मिर्जापुर में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गौ तस्करों को पकड़ने निकली पुलिस टीम और बदमाशों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस और गौ तस्करों के बीच काफी देर तक मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने दबोच लिया। यह कार्रवाई विंध्याचल थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में गौवंश लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एक्टिव हो गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।

मुठभेड़ में गौ-तस्कर घायल

पुलिस के अनुसार, पिकअप वाहन दिखाई देने पर उसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन ड्राइवर ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन का पीछा किया। इस दौरान भागते हुए आरोपी लालगंज रोड स्थित दादर पहाड़ी की ओर पहुंच गए, जहां पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान रोहित यादव के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ पकड़े गए अन्य आरोपियों के नाम अशोक यादव और राजीव तिवारी बताए गए हैं। इनमें घायल आरोपी मिर्जापुर का निवासी है, जबकि दो अन्य चंदौली जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने 5 गौवंश किए बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, तस्करी में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी और पांच गौवंश बरामद किए हैं। सभी गौवंशों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कई बड़े खुलासे किए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

(रिपोर्ट: मेराज खान)

यह भी पढ़ें:

संगम नगरी में खौफनाक वारदात, एक ही परिवार के तीन लोगों को मौत के घाट उतारा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।