1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हरदोई की अनुपमा पांडेय की सीतापुर के होटल में रहस्यमयी मौत: 8 जुलाई से कमरा नंबर 201 में आकर रुकी थी, आत्महत्या या हत्या?

हरदोई की अनुपमा पांडेय की सीतापुर के होटल में रहस्यमयी मौत: 8 जुलाई से कमरा नंबर 201 में आकर रुकी थी, आत्महत्या या हत्या?

सीतापुर के पॉश इलाके में आज एक होटल के कमरे में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया। मृतका 47 वर्षीय अनुपमा पांडेय हरदोई जिले के आवास विकास क्षेत्र की निवासी थीं।

सीतापुर के होटल में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सीतापुर के होटल में मिला महिला का शव।

यूपी के सीतापुर में पॉश इलाके में बने होटल राजस्थानी में शुक्रवार दोपहर 2 बजे करीब एक महिला का शव बरामद हुआ। होटल संचालक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा नंबर 201 से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए। मृतका की पहचान हरदोई जनपद की रहने 47 वर्षीय अनुपमा पांडेय पत्नी अमित पांडेय के रूप में हुई।

2 दिन पहले होटल में लिया था कमरा

अनुपमा पिछले 8 जुलाई से होटल में रुकी हुई थी। उसने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या की गई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। हालांकि मृतका अनुपमा पांडेय की बहन ने हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी हुई है।

ससुराल न जाकर होटल में क्यों रुकी?

यह पूरा मामला शहर कोतवाली इलाके के होटल राजस्थानी का है। हरदोई जनपद के आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली महिला अनुपमा पांडेय अपने ससुराल लखीमपुर से अपने ससुराल हरदोई जाने के लिए 8 जुलाई को निकली थी लेकिन वह ससुराल न जाकर सीतापुर में होटल राजस्थानी के कमरा नंबर 201 में ठहरी हुई थी।

Image Source : reporter inputकमरे को सील कर साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस बुलाकर खोला गया दरवाजा

शुक्रवार को जब काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई तो होटल स्टाफ ने कमरा खुलवाया। लेकिन कमरा अंदर से बंद था। होटल स्टाफ ने इसकी सूचना रोडवेज चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने होटल पहुंचकर जब कमरा खुलवाया तो अनुपम पांडे का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था।

फॉरेंसिक टीम कर रही मामले की जांच

शव मिलने की खबर फैलते ही होटल स्टाफ सहित इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर फोरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

Image Source : reporter inputपुलिस ने होटल का कमरा खोलकर शव बरामद किया।

लंबे समय से पति से चल रहा था विवाद

पुलिस की सूचना पर मृतका अनुपम पांडे की बहन और पिता होटल राजस्थानी पहुंचे। मृतका के परिवार वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अनुपमा का अपने पति अमित पांडेय से लंबे समय से विवाद चल रहा था। अनुपमा अपनी बेटी के साथ लखनऊ में रह रही थीं, जबकि उसका मायका लखीमपुर खीरी में मनसा देवी मंदिर के पास स्थित बताया गया है।

वीडियो में सुनिए, मृतका अनुपमा पाण्डेय की बहन ने क्या कुछ कहा-

परिवार की कार्रवाई की मांग

परिवार ने पूरे मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से पुलिस लगातार CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि 8 जुलाई के बाद कमरे में कौन-कौन आया और गया। पुलिस होटल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है।

शहर कोतवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मौत की असल वजह सामने आएगी।

(रिपोर्ट- मोहित मिश्र)

यह भी पढ़ें-

'मम्मी हमको आ कर बचा लो...', कौशाम्बी में प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

अरुणा आसफ अली अस्पताल में सीनियर डॉक्टर की संदिग्ध मौत, ड्यूटी रूम में मिला शव, 3 पन्ने का सुसाइड नोट बरामद