1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मम्मी हमको आ कर बचा लो...', कौशाम्बी में प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

'मम्मी हमको आ कर बचा लो...', कौशाम्बी में प्रेमिका से मिलने गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

 Published : Jul 10, 2026 02:27 pm IST,  Updated : Jul 10, 2026 03:01 pm IST

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में अपनी प्रेमिका से मिलने गए एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। युवती को भी घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

UP Kausahambi boy murder in love affair- India TV Hindi
कौशाम्बी युवक की हत्या। Image Source : REPORTER

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते एक 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में युवक की प्रेमिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरी घटना मंझनपुर थाना क्षेत्र के महुआ खाड़ा गाँव की है। क्षेत्राधिकारी मंझनपुर शिवांक सिंह के मुताबिक, मंझनपुर थाना क्षेत्र के ओसा गाँव के रहने वाले गुरु प्रसाद लोधी (पुत्र राम बदन) ने 10 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 6 बजे थाने में सूचना दी कि उनका 19 वर्षीय छोटा भाई शिव प्रसाद महुआ खाड़ा गांव में अपने एक दूर के रिश्तेदार राकेश राजपूत के घर गया हुआ था। रात के समय जब शिव प्रसाद वहाँ पहुँचा, तो राकेश राजपूत और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे अपनी बेटी के साथ देख लिया। शिव प्रसाद और राकेश राजपूत की बेटी के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। देर रात लड़के को घर में पाकर लड़की के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शिव प्रसाद को बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई अपनी ही बेटी को भी परिजनों ने नहीं बख्शा और उसे भी बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। पिटाई के बाद जब शिव प्रसाद की हालत बेहद गंभीर हो गई, तब उसके परिजनों को घटना की जानकारी मिली। परिजन आनन-फानन में घायल शिव प्रसाद को महुआ खाड़ा गाँव से लेकर अस्पताल भागे, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।"

प्रेमिका मेडिकल कॉलेज में भर्ती

इस घटना गंभीर रूप से घायल प्रेमिका को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मंझनपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक शिव प्रसाद के शव का पंचनामा भरकर उसे मार्टम के लिए भेज दिया है।

फोन पर कहा- मम्मी हमको बचा लो

मृतक युवक की मां कुलती देवी ने बताया कि लड़के को पैसे के लिए अजुहा भेजा था, वो 50 हजार लेकर वापस आ रहा था। उदहिन गांव तक हमसे बात हुई, उसके बाद लगभग 12 बजे दोबारा फोन आया कि मम्मी हमको आ कर बचा लो, महुआ खाड़ा में हमको मारे डाल रहे है। राकेस, सचिन, दुर्गेश, गेंदीया और गुलजार ने मिलकर मारा है।

पुलिस ने क्या बताया?

अपराध की इस वारदात को लेकर क्षेत्राधिकारी (CO) मंझनपुर, शिवांक सिंह ने बताया, "प्रथम दृष्ट्या जांच में सामने आया है कि मृतक शिव प्रसाद का महुआ खाड़ा के रहने वाले राकेश राजपूत की बेटी के साथ प्रेम संबंध था। बीती रात युवक जब वहां गया, तो लड़की के परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट की। इस घटना में युवक की मौत हो गई है, जबकि युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार, आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए 3 विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। सभी दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।" (रिपोर्ट: अयमान अहमद)

ये भी पढ़ें- शादी के दौरान दूल्हे ने तलवार लहराई, दोनों पक्षों में कहासुनी और भगदड़

मेरठ में दलित छात्रा की मौत पर बवाल, पुलिस ने उपद्रवियों पर किया लाठीचार्ज, खुद थप्पड़ बरसाते दिखे SSP, Video

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।