प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस ने माफिया अतीक अहमद के एक ऐसे करीबी को गिरफ्तार किया है, जिसने कई सालों से पुलिस को अतीक का विरोधी बनकर गुमराह कर रखा था। ये शख्स कोई और नहीं बल्कि अशरफ सिद्दीकी हैं जो अशरफ हरवारा के नाम से मशहूर है। यहां तक कि अशरफ सिद्दीकी ने लोगों और पुलिस को धोखा देने के लिए 2021 और 2022 में अतीक अहमद के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।
अतीक का विरोधी बनकर की अवैध जमीनों की खरीद-फरोख्त
उसके बाद से अशरफ सिद्दीकी खुद को अतीक अहमद का विरोधी बताकर प्रशासन की नजर में पीड़ित बना रहा और अवैध जमीनों की खरीद-फरोख्त करके फायदा कमाता रहा। लेकिन इस बार इसकी किस्मत धोखा दे गई। कुर्क और शत्रु संपत्ति में दर्ज जमीन को बेचने के मामले में अशरफ सिद्दीकी के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में जाली दस्तावेज बनाने सहित कई गंभीर धाराओं मे मुकदमा दर्ज हुआ।
अशरफ सिद्दीकी पर कब्जा-रंगदारी समेत 27 केस दर्ज
बता दें कि पुलिस ने आज अशरफ सिद्दीकी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। अशरफ सिद्दीकी पर जमीन कब्जा करने, रंगदारी, मारपीट और बलवा करने सहित अलग-अलग थानों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके ऊपर गैंगस्टर भी लग चुका हैं। अशरफ सिद्दीकी के खिलाफ शिकायत देने वाले नफीस ने बताया था कि उसके स्वामित्व में कटहुला गौसपुर में काफी जमीनें हैं। कुछ दिन पहले पता चला कि अतीक अहमद गैंग का कुख्यात अपराधी भू-माफिया मोहम्मद अशरफ जमीन को बेचने का प्रयास कर रहा है जो कि पूर्वजों के समय से आज तक हम लोगों के कब्जे में ही है।
अशरफ सिद्दीकी को अवैध संपत्तियों की जांच भी शुरू
गौरतलब है कि अशरफ सिद्दीकी ने खुद को अतीक का विरोधी बताकर जमकर अवैध कमाई की थी। पुलिस अब इसकी अवैध संपत्तियों की भी जांच कर रही है। DCP सिटी सागर जैन ने बताया कि अशरफ के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी मुकदमे में ये कार्रवाई की गई है। इससे पहले, हाल ही में कसारी-मसारी में सीएम योगी ने उस जमीन पर फ्लैट्स के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया था, जिसपर कभी अतीक अहमद और उसके गुर्गों का कब्जा हुआ करता था।
ये भी पढ़ें- अतीक गैंग का 5 लाख का इनामी शूटर गया जेल में मिला, उमेश पाल हत्याकांड में तलाश रही थी यूपी पुलिस