1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. प्रोफेसर ने छात्रा को मोबाइल पर भेजा अश्लील मैसेज, पिता ने देखा तो हुए आग बबूला, कॉलेज में जाकर जड़ा थप्पड़

प्रोफेसर ने छात्रा को मोबाइल पर भेजा अश्लील मैसेज, पिता ने देखा तो हुए आग बबूला, कॉलेज में जाकर जड़ा थप्पड़

 Reported By: Yogendra Tiwari,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Oct 18, 2026 10:22 am IST,  Updated : Oct 18, 2026 11:00 am IST

प्रोफेसर द्वारा छात्र को अश्लील मैसेज भेजने का नागपुर में चर्चा है। बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कालेज प्रशासन से निष्पक्ष जांच और नियमाअनुसार कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

ABVP के छात्रों ने किया प्रदर्शन- India TV Hindi
ABVP के छात्रों ने किया प्रदर्शन Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के नागपुर में एक प्रतिष्ठित कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्रा को अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेजने के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला सामने आने के बाद छात्रा के नाराज पिता ने कॉलेज पहुंचकर प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिया। वहीं, बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कॉलेज प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

प्रोफेसर को थप्पड़ पड़ने से कॉलेज में मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, यह मामला नागपुर के वाठोडा क्षेत्र स्थित एक कॉलेज का है। बताया जा रहा है कि मध्य नागपुर की एक युवती करीब एक साल पहले इस कॉलेज में पढ़ती थी। हाल ही में परिवार के सदस्यों ने जब उसके मोबाइल फोन की जांच की, तो उसमें अश्लील भाषा में लिखे कुछ आपत्तिजनक मैसेज मिले। इन संदेशों को देखकर छात्रा के पिता नाराज हो गए और सीधे कॉलेज पहुंच गए। कॉलेज में प्रोफेसर के साथ उनकी तीखी बहस हुई। इसी दौरान पिता ने प्रोफेसर को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया।

बजरंग दल और ABVP का प्रदर्शन

प्रोफेसर पर लगे आरोपों को गंभीर बताते हुए बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कल रात किया गया, जिसमें पुलिस भी मौजूद रही। दोनों संगठनों ने कॉलेज के संचालक को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। विरोध-प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी प्रोफेसर को जांच पूरी होने तक अवकाश पर भेज दिया है।

पुलिस में अब तक शिकायत नहीं

इस मामले में वाठोडा पुलिस थाने में अब तक कोई औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के मुताबिक, फिलहाल उन्हें पीड़िता के परिवार की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने कहा है कि परिवार की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला इस बात पर भी जोर देता है कि शिक्षण संस्थानों में किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पीड़ित छात्र सदमे में है। परिजन भी काफी दुखी हैं।

ये भी पढ़ें: 

मुंबई में ब्रिज के नामकरण पर सियासी घमासान, ठाकरे गुट ने मांगा 'नाना पाटेकर' का नाम, BJP चाहती है ‘कैप्टन स्मित सेतु’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।