नागपुर में आर्थिक फायदे के लालच में JCB चोरी करने का मामला सामने आया है। यहां बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र से करीब 18 लाख रुपये कीमत की JCB चोरी कर आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी तक पहुंच गए। हालांकि क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की जांच और लगातार पीछा करने के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर चोरी की JCB बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से JCB और पांच मोबाइल फोन समेत कुल 18 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
निर्माण कार्य में लगी JCB चोरी
जानकारी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात जगन्नाथ नगर स्थित संस्कृति सोसायटी के प्लॉट नंबर-1 पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली JCB खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी वहां से करीब 18 लाख रुपये कीमत का JCB वाहन चोरी कर ले गए। घटना के बाद बेलतरोड़ी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। चोरी हुए वाहन की तलाश शुरू हुई, लेकिन आरोपियों का सुराग जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।
एमपी के बालाघाट तक पहुंच गए थे आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने जांच तेज कर दी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही गुप्त मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को चोरी की JCB और आरोपियों के मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के कटंगी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम कटंगी पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने चोरी हुई JCB भी बरामद कर ली।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया
पुलिस की टीम ने मामले की जांच के लिए आस-पास लगे CCTV फुटेज भी खंगाले। एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपियों को जेसीबी ले जाते हुए देखा जा सकता है। इसके अलावा गुप्त मुखबिरों से मिली जानकारी और मध्य प्रदेश पुलिस के सहयोग से क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने चोरी के इस मामले में कार्रवाई की। फिलहाल क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम ने पांचों आरोपियों और जब्त माल को आगे की जांच के लिए बेलतरोड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें-