गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिम ट्रेनर के इश्क़ में पति की हत्या की साजिश रची गई। पत्नी समेत दोनों आरोपी गिरफ्ता कर लिए गए हैं। ये पूरा मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा सेक्टर-1 का है। जहां पति पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
सोते में चाकू से ताबड़तोड़ हमले
पुलिस के मुताबिक, पत्नी ने अपने जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पति शशांक कंथारिया को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। योजना के तहत 26 अक्टूबर की सुबह जिम ट्रेनर घर में घुसा और सोते समय शशांक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। घायल शशांक के शोर मचाने पर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।
दोनों की शादी साल 2021 में हुई
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय शशांक कंथारिया वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित मकान नंबर 580 में अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ रहते हैं। शशांक और प्रिया दिल्ली स्थित पोस्टल अकाउंट ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। दोनों की शादी साल 2021 में हुई थी।
जिम में प्रताप सिंह से बढ़ी नजदीकियां
प्रिया पिछले करीब 7-8 महीने से वसुंधरा स्थित एक जिम में एक्सरसाइज करने जाती थीं। इसी दौरान उनकी पहचान जिम ट्रेनर प्रताप सिंह से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पुलिस पूछताछ में प्रताप ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे। शशांक को उनके संबंधों की जानकारी हो गई थी। इसलिए वह दिवाली के बाद फ्लैट बदलकर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी कर रहे थे।
प्रिया घर से गाड़ी लेकर निकली, फ्लैट को खुला छोड़ा
पुलिस के अनुसार, शशांक को रास्ते से हटाने के लिए दोनों आरोपियों ने योजना बनाई थी। पूछताछ में प्रताप ने बताया कि 25 अक्टूबर को सुबह रनिंग के दौरान दोनों ने हत्या की साजिश रची। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह वह चाकू लेकर शशांक के घर पहुंचा। प्रिया घर से अपनी गाड़ी लेकर निकलीं और उसने फ्लैट का गेट खुला छोड़ दिया। इसके बाद प्रताप घर में दाखिल हुआ और बेडरूम में सो रहे शशांक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
शशांक का चल रहा इलाज
हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची इंदिरापुरम थाना पुलिस ने घायल को यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद शशांक के भाई रितेश की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 61(2) और 333 के तहत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर 27 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।
ये भी पढ़ें:
वाराणसी स्नातक MLC चुनाव में जीत की ओर सपा, बज रहे ढोल-नगाड़े, बीजेपी प्रत्याशी का भी आया बयान