1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. गजब का जुनून! चंद्रताल में साइकिल से घूम रहा 62 साल का फ्रांसीसी शख्स, शानदार एडवेंचर का Video वायरल

गजब का जुनून! चंद्रताल में साइकिल से घूम रहा 62 साल का फ्रांसीसी शख्स, शानदार एडवेंचर का Video वायरल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें 62 वर्षीय एक शख्स को चंद्रताल में साइकिलिंग करते देखा जा सकता है।

French man cycling in Chandra Taal, chandratal video, viral video, manali viral video  -- - India TV Hindi
Image Source : IG/@THE0.1PERCENTCLUB फ्रांसीसी शख्स का वीडियो वायरल।

जहां अच्छे-अच्छे सवारों के भी पसीने छूट जाते हैं, वहां 62 साल के एक फ्रांसीसी शख्स ने साइकिल दौड़ा दी। चंद्रताल से मनाली की ओर जाते हुए पहाड़ी और चुनौतीपूर्ण रास्ते पर साइकिल चलाते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग उनके ट्रैवलिंग जुनून की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो को इंस्टाग्राम पर @the0.1percentclub नामक हैंडल से शेयर किया गया है। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर ओडिशा के कंटेंट क्रिएटर बिश्व प्रकाश स्वैन (Biswa Prakash Swain) ने शेयर किया है। पेशे से नर्सिंग ऑफिसर स्वैन बाइक से देश के अलग-अलग हिस्सों में घूमते रहते हैं और अपने सफर के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा करते हैं। चंद्रताल से मनाली की तरफ जाते समय उनकी मुलाकात इस फ्रांसीसी साइक्लिस्ट से हुई। स्पीति वैली का यह इलाका ऊंची पहाड़ियों, पथरीले रास्तों और मुश्किल मोड़ों के लिए जाना जाता है। करीब 120 किलोमीटर के इस रास्ते को पूरा करने में कई घंटे लग सकते हैं। मौसम और सड़क की स्थिति के हिसाब से यहां सफर करना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे कठिन रास्ते पर एक फ्रांसीसी शख्स साइकिल से यात्रा करता दिखाई दिया। जब स्वैन ने उनसे उम्र पूछी तो जवाब मिला—62 साल। यह सुनकर कंटेंट क्रिएटर खुद हैरान रह गए।

हिम्मत और जुनून के कायल हुए लोग 

वीडियो में 62 साल का यह फ्रांसीसी यात्री पहाड़ी रास्ते पर अपनी साइकिल के साथ आगे बढ़ता नजर आता है। उनकी उम्र जानकर लोग चौंक गए हैं। कई यूजर्स उनकी हिम्मत को सलाम कर रहे हैं। स्वैन ने वीडियो में उम्र को लेकर हैरानी जताते हुए लोगों से ट्रैवल करने की बात कही। उनका संदेश साफ था—जिंदगी सिर्फ एक जगह रहकर गुजारने के लिए नहीं है। मौका मिले तो दुनिया घूमनी चाहिए और नए अनुभव लेने चाहिए।

भारत भ्रमण पर निकला है शख्स 

यह फ्रांसीसी शख्स साइकिल से पूरे भारत का भ्रमण कर रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में साइकिल चलाना युवाओं के लिए भी आसान नहीं होता, लेकिन 62 साल की उम्र में ऐसा करना उनके जुनून को दर्शाता है। घूमने का शौक उम्र का मोहताज नहीं होता- यह बात उनके सफर से साफ झलकती है। 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियांए 

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रतिक्रियाओं का सैलाब आ गया। कई लोगों ने उनकी हिम्मत और ट्रैवलिंग के जुनून की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने कमेंट में बताया कि उनकी भी इस यात्री से मुलाकात हो चुकी है। एक व्यक्ति ने हैरानी जताते हुए पूछा कि क्या सच में उनकी उम्र 62 साल है। दूसरे ने लिखा, “जिंदगी हो तो ऐसी।” कई कमेंट्स में “सलाम” और “प्रेरणा” जैसे शब्द बार-बार नजर आए।

क्यों फेमस है चंद्रताल

चंद्रताल-मनाली रूट अपनी खूबसूरती और कठिनाई दोनों के लिए जाना जाता है। ऊंचाई, पतली सड़कें, मौसम की मार और थकान यहां आम बात है। ऐसे में साइकिल से यह सफर तय करना साहस और फिटनेस दोनों की मांग करता है। 62 साल की उम्र में यह उपलब्धि कई युवाओं के लिए मिसाल बन गई है। यह वीडियो याद दिलाता है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है। अगर जुनून हो तो पहाड़ भी आसान लगने लगते हैं। फ्रांसीसी यात्री का यह सफर न सिर्फ उनकी व्यक्तिगत यात्रा है, बल्कि प्रेरणा का स्रोत भी बन गया है।  
गौरतलब है कि, इससे पहले मुजफ्फरनगर से स्पीति घाटी तक ई-रिक्शा से पहुंचे शख्स का वीडियो भी वायरल हो चुका है। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -

'भारत में एडवेंचर कभी न करें..' पैराग्लाइडिंग के दौरान हुए हादसे का Video देख बोले यूजर्स