1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'भाड़ में जाए लखनऊ की तहजीब! बार-बार नहीं मिलेगा ऐसा मौका', मुफ्त का आम लूटने को बेकाबू हुए लोग, वायरल हुआ Video

'भाड़ में जाए लखनऊ की तहजीब! बार-बार नहीं मिलेगा ऐसा मौका', मुफ्त का आम लूटने को बेकाबू हुए लोग, वायरल हुआ Video

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में 3 से 6 जुलाई तक आयोजित तीन दिवसीय आम महोत्सव का समापन रविवार को अव्यवस्था और हंगामे के साथ हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन, समापन की घोषणा के बाद भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और प्रदर्शनी में रखे आमों की लूट शुरू हो गई।

आम लूटने को दौड़े लोग, मची अफरा-तफरी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आम लूटने को दौड़े लोग, मची अफरा-तफरी

सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आम महोत्सव के समापन पर लोग आम लूटने के लिए इस तरह बेकाबू हुए कि टेबल पर रखे आम चंद मिनटों में ही साफ हो गए। लखनऊ को तहजीब का शहर कहा जाता है, जहां लोग हर एक चीज में तहजीब दिखाते हैं। लेकिन लखनवी नवाबों के इस शहर में लोगों ने सारी तहजीब को गोली मार आम लूटने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। जिसको जितना आम मिला, वह लेकर चलते बना। लूट इस कदर मची कि लोगों के हाथ में जो कुछ भी था, उसमें ही लोग आम भरने लगे और कुछ ही मिनटों में प्रदर्शनी के लिए रखे गए सारे आम गायब हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग बैग, दुपट्टों, और कपड़ों में आम भरकर ले जाते दिख रहे हैं।

क्यों मची लूट?

वीडियो लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में आयोजित आम महोत्सव का बताया जा रहा है। 3 से 6 जुलाई तक आयोजित इस तीन दिवसीय आम महोत्सव का समापन रविवार को हुआ। लेकिन ये समापन जबरदस्त अव्यवस्था और हंगामे के साथ हुआ। घटना के वक्त मौजूद लोगों का कहना है कि समापन समारोह के दौरान मंच से पुरस्कार वितरण की घोषणा को कई लोगों ने गलती से 'आम वितरण' समझ लिया, जिसके बाद भीड़ स्टालों पर टूट पड़ी। देखते ही देखते प्रदर्शनी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, और कुछ ही मिनटों में स्टाल खाली हो गए। आयोजकों और सुरक्षा कर्मियों की कमी के कारण स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।

बहती गंगा में सबने किया हाथ साफ

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में दिख रहा है कि पुरुष, महिलाएं, और यहां तक कि बच्चे भी आमों को बैग, दुपट्टों, और शॉल में भरकर ले जा रहे हैं। लोग इन वीडियो पर कमेंट कर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "इस देश में लूट कोई जुर्म नहीं, ये तो DNA में है। बस मौका मिलना चाहिए, फिर आम हो या सिस्टम, कोई नहीं बचता।" वहीं, एक अन्य यूजर ने इसे तहजीब के शहर की संस्कृति पर दाग लगाने वाली घटना करार दिया।

ये भी पढ़ें:

रैपिडो वाले को बुलाकर बंदे ने करवाया ये काम, Video सोशल मीडिया पर वायरल

बर्मिंघम की सड़कों पर भी दिखा आकाश दीप का जादू, अंग्रेजों की जुबां पर उनका नाम छाया, देखें VIDEO