महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा अपने सेंस ऑफ ह्यूमर के लिए सोशल मीडिया पर हमेशा चर्चा में रहते हैं। हाल ही में एक फैन के अनोखे कमेंट पर उनका जवाब इतना मजेदार निकला कि वह तेजी से वायरल हो गया। फैन ने उनकी उम्र को लेकर भविष्यवाणी की और शक्तिशाली इंजन बनाने की मांग की। आनंद महिंद्रा ने ह्यूमर के साथ जवाब देते हुए ‘वारंटी बढ़ाने’ की बात कही।
एक्स पर वायरल हो रही पोस्ट
एक्स यूजर प्रणेश नायडू (@praneshbuilds) ने आनंद महिंद्रा को “आनंद अंकल” कहकर संबोधित किया। उन्होंने लिखा कि वे बचपन से उनके फैन हैं। इसके बाद उन्होंने कहा, “आप शायद 20 साल में नहीं रहेंगे। फिर उन्होंने सुझाव दिया कि क्यों न जाने से पहले एक शानदार V8 और V10 इंजन बना दें। उन्होंने स्कॉर्पियो में स्मॉल ब्लॉक V8 इंजन की कल्पना की जो 500 हॉर्सपावर का हो।” प्रणेश का यह कमेंट प्रशंसा और बेबाकी का मिश्रण था। उन्होंने महिंद्रा से कहा कि इतनी अच्छी पारी खेलने से पहले कुछ यादगार छोड़ जाएं। यह टिप्पणी V8 इंजन और महिंद्रा की इंजीनियरिंग को लेकर चल रही चर्चा के बीच आई।
आनंद महिंद्रा का मजेदार जवाब
आनंद महिंद्रा ने इस कमेंट का जवाब ह्यूमर से भरे अंदाज में दिया। उन्होंने लिखा, “प्रणेश, फैन होने के लिए शुक्रिया। लेकिन जिस आत्मविश्वास के साथ आपने मुझे 20 साल की एक्सपायरी डेट दे दी, उससे मैं थोड़ा घबरा गया हूं। मैं जानता हूं कि यह सम्मानजनक पारी होगी, लेकिन मैं इस धरती पर थोड़ा और रहना चाहता हूं। तो V8 इंजन पर चर्चा करने से पहले क्या आप मेरी वारंटी बढ़ा सकते हैं?”
यूजर्स के बीच छा गया बिजनेसमैन का जवाब
यह जवाब सोशल मीडिया पर छा गया। यूजर्स ने इसे ‘माइक ड्रॉप मोमेंट’ कहा। कई लोगों ने आनंद महिंद्रा के सेंस ऑफ ह्यूमर की तारीफ की। कुछ ने लिखा कि उम्र सिर्फ एक नंबर है और वे हमेशा युवा दिखते हैं। कई फैंस ने कमेंट में कहा कि वे और लंबे समय तक उनके साथ रहना चाहते हैं। बता दें कि, आनंद महिंद्रा अक्सर सोशल मीडिया पर फैंस से बातचीत करते हैं और मजेदार जवाब देते हैं। उनका यह जवाब उनकी पॉजिटिव और हल्की-फुल्की सोच को दर्शाता है। उन्होंने फैन की बेबाकी को गुस्से में लेने के बजाय हंसी-मजाक में बदल दिया। इससे साबित होता है कि बड़े उद्योगपति भी आम लोगों से जुड़ सकते हैं।
यूजर्स के बीच कार को लेकर भी हुई चर्चा
यह चर्चा महिंद्रा की गाड़ियों, खासकर स्कॉर्पियो और पावरफुल इंजनों को लेकर भी हुई। कई यूजर्स ने V8 इंजन की मांग दोहराई, जबकि कुछ ने कंपनी की हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक तकनीक की तारीफ की। लेकिन मुख्य आकर्षण आनंद महिंद्रा का ह्यूमर ही रहा। आज के समय में सोशल मीडिया पर सेलेब्रिटी और बिजनेस लीडर्स की बातचीत लोगों को करीब लाती है। आनंद महिंद्रा का यह जवाब न सिर्फ हंसाता है बल्कि उनकी विनम्रता और समझदारी को भी दिखाता है। फैन की भविष्यवाणी को ‘एक्सपायरी डेट’ और ‘वारंटी’ से जोड़कर उन्होंने पूरी बात को यादगार बना दिया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'मुंबई शहर नहीं धड़कन है..' आनंद महिंद्रा ने दिखाई गणेश विसर्जन की भव्य झलक, यूजर्स ने शहर पर दी ऐसी प्रतिक्रियाएं