1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. माचिस की डिब्बी पर लड़के ने उकेरा पुलिस वाले का स्केच, देखते ही खिल उठा चेहरा; फिर जो हुआ वो दिल छू लेगा

माचिस की डिब्बी पर लड़के ने उकेरा पुलिस वाले का स्केच, देखते ही खिल उठा चेहरा; फिर जो हुआ वो दिल छू लेगा

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक क्यूट वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स पुलिसकर्मी को माचिस की डिब्बी पर बनाए उसके स्केच को थमाते हुए दिख रहा है।

heart touching video, police man heart touching video, heart touching video viral, viral video - India TV Hindi
Image Source : IG/@THE_UK16_ARTIST पुलिसकर्मी का रिएक्शन वायरल।

कभी-कभी छोटी-सी चीज भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक स्केच आर्टिस्ट और पुलिस कांस्टेबल का वीडियो लोगों का दिल जीत रहा है। कलाकार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसवाले की तस्वीर माचिस की एक छोटी-सी डिब्बी पर बना दी। जब उसने यह अनोखा तोहफा पुलिसकर्मी को दिया, तो वह बेहद खुश हो गया। अपनी खुशी जाहिर करने के साथ उसने कलाकार को 200 रुपये भी दिए और बिना पैसे दिए मानने को तैयार नहीं हुआ।   

इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टग्राम पर @the_uk16_artist हैंडल से शेयर किया गया है। इस स्केच आर्टिस्ट का नाम प्रिंस है, जो उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर से आते हैं। उनके हाथों की कला और पुलिसकर्मी का प्यारा रिएक्शन अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी में व्यस्त दिखाई देता है। उसे इस बात का अंदाजा नहीं होता कि कलाकार उसकी तस्वीर बनाने में जुटा है। प्रिंस ने बेहद छोटी माचिस की डिब्बी पर पुलिसकर्मी का स्केच तैयार किया। आमतौर पर कलाकार कागज या कैनवास पर तस्वीरें बनाते हैं, लेकिन इतनी छोटी सतह पर किसी के चेहरे की पहचान उकेरना खास हुनर की मांग करता है। स्केच पूरा होने के बाद प्रिंस ने इसे पुलिसकर्मी को सौंप दिया। 

पुलिसकर्मी का प्राइसलेस रिएक्शन वायरल 

जैसे ही पुलिसकर्मी ने अपनी तस्वीर देखी, उसके चेहरे पर खुशी साफ नजर आने लगी। एक छोटी-सी डिब्बी पर अपनी शक्ल देखकर वह इतना प्रभावित हुआ कि उसने कलाकार को पैसे देने चाहे। पुलिसकर्मी को प्रिंस की बनाई तस्वीर इतनी पसंद आई कि उसने अपनी जेब से 200 रुपये का नोट निकाला और कलाकार को देने लगा। प्रिंस का मकसद लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाना था, लेकिन पुलिसकर्मी ने अपने अंदाज में उसकी कला की कद्र की। स्केच मिलने के बाद पुलिसकर्मी अपने परिचितों के बीच जाकर इसे दिखाने लगा। उसके चेहरे की खुशी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह छोटा-सा तोहफा उसके लिए कितना खास था। इस घटना की खास बात यह रही कि यहां किसी महंगे उपहार या बड़े आयोजन की जरूरत नहीं पड़ी। एक कलाकार की मेहनत और सामने वाले व्यक्ति की सच्ची प्रतिक्रिया ने इस पल को यादगार बना दिया। 

सोशल मीडिया पर कलाकार की तारीफ

इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने कलाकार के हुनर और पुलिसकर्मी के व्यवहार की तारीफ की। कुछ लोगों ने कहा कि प्रिंस ने अपनी कला से पुलिसकर्मी का दिन बना दिया। वहीं, कुछ यूजर्स ने पुलिसकर्मी की सहज प्रतिक्रिया को सराहा। एक यूजर ने लिखा कि, उसने स्केच बनाकर पुलिसकर्मी का दिन खास बना दिया। वीडियो से जुड़ी एक अन्य पोस्ट में पुलिसकर्मी ने लोगों से कलाकार को आगे बढ़ाने और उसके हुनर को समर्थन देने की अपील भी की। 

गौरतलब है कि, इससे पहले एक शख्स ने एयरपोर्ट पर अंजान विदेशी महिला को उसका स्केच बनाकर सरप्राइज दिया था। इसका वीडियो भी काफी वायरल हुआ था। 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें - 

'भारत को देशभक्तों की ज़रूरत है...' कनाडाई कंटेंट क्रिएटर ने भारतीयों से की खास अपील, खूब ट्रेंड कर रहा Video