1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. पढ़ाई छोड़ घर में चैन की बंसी बजा रहा था लड़का, टीचर बच्चों की फौज लेकर घर पर धमक पड़े, दरवाजा खोलकर देखा तो...

पढ़ाई छोड़ घर में चैन की बंसी बजा रहा था लड़का, टीचर बच्चों की फौज लेकर घर पर धमक पड़े, दरवाजा खोलकर देखा तो...

लड़कों का स्कूल बंक करना कोई नई बात नहीं है। हर बच्चे ने अपने स्कूल के दिनों में कभी न कभी “पेट दर्द” या “बुखार” का बहाना बनाया होगा। लेकिन इस लड़के ने तो हद कर दी। ये लड़का बिना कुछ बताए ही स्कूल से गायब हो गया। जिसके बाद उसे स्कूल ले जाने के लिए उसके टीचर अन्य बच्चों की मंडली के साथ उसके घर ही आ धमके।

टीचर बच्चों की फौज के साथ घर में घुसे- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA टीचर बच्चों की फौज के साथ घर में घुसे

भारत में स्कूल और टीचर का रिश्ता कुछ ऐसा है कि बच्चे चाहे जितना छुपने की कोशिश करें, मास्टरजी की नजर से बच नहीं पाते। ऐसा ही एक मजेदार वाकया हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जहां एक लड़का पढ़ाई छोड़ घर में चैन की बंसी बजा रहा था, लेकिन उसकी यह मस्ती ज्यादा देर नहीं टिकी। उसके टीचर पूरी बच्चों की फौज लेकर उसके घर धमक पड़े फिर जो हुआ वह देख आपकी हंसी रोके नहीं रुकेगी। वायरल हो रहा यह वीडियो इतना मजेदार है कि लोग इसे देखकर हंस-हंसकर लोटपोट हो गए। 

स्कूल से गच्चा मारकर घर में Chill कर रहा था लड़का

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक स्कूली लड़का, जिसका नाम शायद स्कूल के रजिस्टर में तो था, लेकिन क्लास में उसकी हाजिरी गायब थी। घर पर वह बड़े आराम से समय काट रहा था और खाट पर लेटकर फोन चला रहा। शायद वह सोच रहा होगा, “आज तो मजे हैं, न होमवर्क, न टीचर की डांट।” लेकिन उसका यह सपना तब टूटा, जब उसके टीचर, यानी मास्टर जी, पूरे क्लास के बच्चों को लेकर उसके घर पहुंच गए। वीडियो में टीचर दरवाजे पर दस्तक देते नजर आ रहे हैं। जैसे ही टीचर को दरवाजा खुला मिलता है, वे घर में बच्चों की पूरी फौज लिए घुस जाते हैं। जब लड़के की नजर अपने टीचर और सहपाठियों पर जाती है, तब उसका चेहरा ही उतर जाता है। लड़के की शक्ल पर ऐसे 12 बजते हैं, मानो उसने कोई भूत देख लिया हो। बच्चे उसे देख हंस-हंसकर लोटपोट हो जाते हैं। 

लेने के लिए घर पर आ गए मास्टर जी

इसके बाद टीचर उस लड़के को बिस्तर से उठने को कहते हैं और बोलते हैं कि परसो तो तुम बोल रहे थे कि अब से रोज स्कूल आऊंगा लेकिन तुमने तो आज ही गोला दे दिया। यह सुन लड़के के होश उड़ जाते हैं। उसे समझ नहीं आता कि टीचर उसके घर पहुंच कैसे गए। टीचर आगे अन्य बच्चों से कहते हैं कि इसे नहलाओ और टांग कर स्कूल ले चलो। जिसके बाद उसके साथी उसे गोद में टांगकर स्कूल की ओर चल पड़ते हैं। इस मजेदार वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @log_bakchod नाम के अकाउंट से शेयर किया है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है। 

ये भी पढ़ें:

आपका बच्चा भी रातभर जगता और आपको जगाता है? अगर हां, तो आजमाइए नर्स की ये निंजा टेक्निक, 12 सेकेंड में आ जाएगी नींद

कॉरपोरेट की जॉब छोड़ते वक्त कहा था कि खुद का बिजनेस करूंगा, अब Rapido बाइक चलाते दिखा, दोस्त ने शेयर किया Video