A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. गजब की ताकत पाई है भाई ने! 16 साल के लड़के ने दांत से खींच डाला 1500 किलो का ट्रैक्टर

गजब की ताकत पाई है भाई ने! 16 साल के लड़के ने दांत से खींच डाला 1500 किलो का ट्रैक्टर

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक 16 साल के लड़के ने 15 क्विंटल के ट्रैक्टर को अपने दांतों से 100 मीटर तक खींचकर दिखाया। लड़के के इस कारनामे का वीडियो फिलहाल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

दांतों से ट्रैक्टर खींचता लड़का- India TV Hindi
Image Source : SOCIAL MEDIA दांतों से ट्रैक्टर खींचता लड़का

बागपत जनपद के चांदीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ी कलंजरी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक नाबालिग किशोर ने अपने दांतों से करीब 15 क्विंटल वजनी ट्रैक्टर को खींचकर दिखाया। नाबालिग का यह वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़के को लगभग 100 मीटर तक उस ट्रैक्टर को खींचते हुए देखा जा सकता है। लड़के के जबड़े की ताकत लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है।

लड़के ने दांत से खींच डाला ट्रैक्टर

वायरल वीडियो को लेकर मिल रही जानकारी के अनुसार, इस साहसी और खतरनाक स्टंट को अंजाम देने वाले लड़के का नाम हनी गुर्जर है। जो अजित गुर्जर का पुत्र बताया जा रहा है। हनी ने यह स्टंट इसलिए किया क्योंकि किसी शख्स ने सोशल मीडिया पर उसे चैलेंज किया था। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उसे दांतों से ट्रैक्टर खींचने की चुनौती दी थी, जिसे स्वीकार करते हुए उसने यह खतरनाक कारनामा कर डाला। 

सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़

हालांकि वीडियो में यह स्टंट देखने में रोमांचक लग रहा है। लेकिन इससे एक बड़ी दुर्घटना होने की आशंका भी जताई जा रही है। यदि ट्रैक्टर असंतुलित हो जाता या नियंत्रण से बाहर हो जाता, तो लड़के को गंभीर चोटें आ सकती थीं। इस घटना से एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि सोशल मीडिया पर 'वायरल' होने की होड़ में युवा किस हद तक जा सकते हैं और कैसे वे अपनी जान जोखिम में डालने से भी नहीं कतराते। 

वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया मिली जुली

फिलहाल, इस वीडियो के लोग धड़ल्ले से शेयर कर रहे हैं। वीडियो को शेयर करते हुए लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं। कुछ लोग जहां लड़के की ताकत और साहस की सराहना कर रहे हैं, वहीं कई लोग इस तरह के स्टंट को गैर जिम्मेदाराना और खतरनाक बता रहे हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस तेज हो गई है।

(बागपत से पारस जैन की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

मछली के साथ तैरना और उनकी बातें सुनना, ये है दुनिया का सबसे अजीबोगरीब शौक

मछली जो हवा में उड़ सकती है, 30 KM प्रति घंटे की रफ्तार से भरती हैं उड़ान