जब प्यार सरहदों को लांघ जाता है, तो वो न सिर्फ दिलों को जोड़ता है, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृतियों को भी आटे की तरह गूंथ देता है। ऐसा ही कुछ हुआ भारतीय कंटेंट क्रिएटर पियूषा पाटिल के साथ, जिन्होंने अपने साउथ कोरियन बॉयफ्रेंड के परिवार के साथ लूनर न्यू ईयर का जश्न मनाया और इस मौके पर उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड और उसके परिवार का एक वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया, जिसने लाखों लड़कियों के दिल को छू लिया।
बॉयफ्रेंड के परिवार के साथ हंसी-मजाक का माहौल
वीडियो में देखा जा सकता है कि पियूषा बॉयफ्रेंड के परिवार से मिलने उनके घर पहुंची हुई हैं। जहां वे लूनर न्यू ईयर की तैयारियों में अपने बॉयफ्रेंड के परिवार की खुशियों में परिवार की एक सदस्य की तरह शामिल हुईं। इस दौरान वे अपने बॉयफ्रेंड के सभी परिजनों से भी मिलीं। वीडियो में आगे देखा गया कि एक टेबल पर कोरिया की पारंपरिक डिश मंडु त्तेओकगुक (डम्पलिंग राइस केक सूप) बनाया जा रहा था। जिसे बनाने के लिए पूरा परिवार लगा हुआ था। इसमें पियूषा ने भी अपने बॉयफ्रेंड के परिवार वालों का साथ दिया। फिर सबने मिलकर मंडु बनाए। किसी ने परफेक्ट, तो किसी ने उन्हें मजेदार शेप में बनाया। इस दौरान हंसी-ठिठोली और मजेदार किस्सों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। वीडियो में पियूषा ने बताया कि उन्होंने अपने बॉयफ्रेंड और उसके परिजनों को भारतीय संस्कृति और अपने त्यौहारों के बारे में भी बताया। तभी भारतीय परिवारों की तरह ही इस परिवार में भी एक छोटी सी चूक हुई। जहां खाना बनाने के दौरान उनके टेबल से एक जरूरी सामान गायब थी, जिसके लिए पियूषा और उनका बॉयफ्रेंड तुरंत ग्रॉसरी के लिए बाहर दुकान पर निकल पड़े।
बॉयफ्रेंड संग सुहाने मौसम का लुत्फ
दुकान पर जाते वक्त पियूषा ने वहां के सुहाने मौसम का भी लुत्फ उठाया, जहां काफी तेज बर्फबारी हो रही थी। दुकान से सामान लाने के बाद पियूषा के बॉयफ्रेंड ने स्ट्रॉबेरी और अंगूरों से फ्रूट सलाद तैयार किया, लेकिन असली सरप्राइज तो बॉयफ्रेंड के पापा लेकर आए थे। उन्हें लगा कि पियूषा को शायद भारत की याद आ रही होगी, इसलिए उन्होंने खास तौर पर उनके लिए दही की डिश बनाई और करी मिक्स के साथ नान भी लाए। यह छोटा सा खयाल पियूषा के लिए कितना खास रहा होगा, इसका अंदाजा उनके चेहरे की मुस्कान से लगाया जा सकता है।
टेबल पर सजी दावत देख मुंह में आ गया पानी
इतनी सारी मेहनत के बाद जब दावत सजी, तो टेबल पर मछली, झींगा, मीट, सब्ज़ियां और मंडु त्तेओकगुक की महक ने सबके पेट में चूहों को दौड़ाना शुरू कर दिया। जिसके बाद पियूषा ने कोरियन फूड का लुत्फ उठाया। इस दौरान उन्होंने हंसते हुए कहा, “मैंने बहुत सारा खाना खाया और खाना इतना स्वादिष्ट था कि मुझे फूड कोमा हो गया।” खाने के बाद कोरियन परंपरा के अनुसार, घर के छोटे सदस्यों ने बड़ों को झुककर प्रणाम किया। इस रीति रिवाज को पियूषा ने भी निभाया और इस खूबसूरत रिवाज में शामिल हुईं, जिसके बदले उन्हें तोहफे के तौर पर मिठाई, चॉकलेट और पैसों से भरा लिफाफा मिला। यह पल उनके लिए किसी K-ड्रामा की स्क्रिप्ट से कम नहीं था।
लोगों ने वीडियो पर जमकर बरसाया अपना प्यार
पियूषा ने इस अनुभव का वीडियो इंस्टाग्राम पर अपने अकाउंट @piyuchin से शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। लोग उनकी इस प्यारी सी स्टोरी पर फिदा हो गए। एक यूज़र ने लिखा, “कितना प्यारा है कि उनके पापा ने तुम्हारे लिए नान और करी लाई!” किसी ने कहा, “ये फैमिली तो वाकई बहुत स्वीट है।” एक और कमेंट में मजाकिया अंदाज में लिखा गया, “दीदी तो K-ड्रामा वाली लाइफ जी रही हैं।”
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें:
आजादी के मौके पर हिल्स और सूट पहने लड़के ने डांस करते हुए बनाया रील, लोगों ने कहा- देश मांग रहा इसकी कुर्बानी
15 अगस्त पर इन लड़कों का परफॉर्मेंस देख हिला लोगों का दिमाग, स्वर्ग में बैठे गांधी जी भी पड़ गए सोच में