Viral Video : जिम्मेदारियों को कंधों पर लादकर लोग तेजी से अपने शहर से निकलकर दूसरे शहर में आजीविका के लिए जा रहे हैं। बीते कुछ सालों में ऐसे कई युवाओं की संख्या में इजाफा हुआ है। हालांकि, दूसरे शहर जाने के बाद वहां गुजारा करने का संकट भी युवाओं के समक्ष खड़ा होता जा रहा है। ऐसे ही एक वीडियो ने इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों को बहस करने पर मजबूर कर दिया है। दरअसल, एक लड़की ने वीडियो शेयर कर मुंबई में अपने एक-एक खर्च को गिनाया। इसके साथ ही उसने बताया कि क्या मुंबई में 25 हजार रुपये में गुजारा संभव है या नहीं ?
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ayushii.vibess नामक हैंडल से शेयर किया गया है। इस वीडियो को 'मुंबई में 25,000 की कमाई करने की कोशिश कर रही हूं!!' कैप्शन के साथ शेयर किया गया। वीडियो में वे कहती हैं कि, 'यह वीडियो मुंबई में 25,000 रुपये से कम में जीवन यापन करने के तरीकों के बारे में है।' इसके बाद वीडियो में वे अपने खर्च के बारे में बताती है। वह किराए और बिजली के लिए 14,000 रुपये खर्च करती है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करके वह अपने यात्रा खर्च को 2,000 रुपये के अंदर रखती है। वह कहती है कि वह खाने पर लगभग 6,000 रुपये खर्च करती है और ज्यादातर खाना खुद बनाना पसंद करती है क्योंकि इससे न केवल पैसे की बचत होती है बल्कि यह स्वास्थ्यवर्धक भी होता है। उसके बाकी खर्च जिम और शौक जैसी अन्य चीजों पर होते हैं। कुछ लोगों ने तर्क दिया कि वीडियो में बताए गए उनके कुल खर्च ₹27,000 हैं, जिसमें ₹5,000 अन्य खर्च शामिल हैं। आयुषी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने ₹25,000 इसलिए कहा क्योंकि उनके अन्य खर्च आमतौर पर ₹3,000 के अंदर होते हैं। वीडियो के अंत में वह कहती हैं, "तो, हां। अगर आप चाहें तो अभी भी बचत कर सकते हैं।"
यूजर्स के बीच छिड़ी बहस
इस वीडियो को देखने के बाद यूजर्स के बीच बहस छिड़ गई। कई यूजर्स उनकी फाइनेंस मैनेजमेंट से चकित थे तो कुछ लोगों ने कंजूसी को क्वालिटी ऑफ लाइफ का दुश्मन बताया। मिली-जुली प्रतिक्रियाओं के बीच, कई यूजर्स ने विस्तार से जानकारी मांगी और यह जानने के लिए उत्सुक थे कि उनके बताए गए बजट के भीतर किन इलाकों में घर या फ्लैट उपलब्ध है। एक यूजर ने लिखा कि, 'मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इसे मैनेज किया जा सकता है या नहीं, लेकिन इस जानकारीपूर्ण वीडियो के लिए धन्यवाद।' दूसरे ने पूछा, '14 हज़ार? कहां? क्या यह प्राइवेट रूम है या शेयरिंग वाला?' आयुषी ने जवाब दिया कि यह शेयरिंग वाला कमरा है। तीसरे ने लिखा कि, 'अगर हम सिर्फ अपने लिए जी रहे हैं और पैसे बचाने की चिंता नहीं कर रहे हैं, तो मुंबई में आसानी से गुजारा किया जा सकता है।' एक और यूजर ने लिखा कि, 'आखिरकार किसी ने तो वास्तविक दृष्टिकोण और संघर्षों को समझा है।'
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
28 अक्षरों वाला भारत का सबसे अनोखा रेलवे स्टेशन, पूरा नाम लेने में जुबान लड़खड़ा जाएगी; जान लें नाम
Video : भाइयों ने अपनी बहन को दिया ₹50 लाख का ऐसा सरप्राइज, देखकर बेहद इमोशनल होने लगे यूजर्स