भारत की आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस में पहली बार परिवार के साथ सफर करने वाले एक विदेशी यात्री का अनुभव सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। शार्टफेल्ट ट्रैवल्स नाम से इंस्टाग्राम पर सक्रिय इस विदेशी ने अपने पूरे परिवार के साथ तमिलनाडु के कोयंबटूर से वंदे भारत की यात्रा की और खाने से लेकर सफर तक का ईमानदार रिव्यू दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @shortleft_travels नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में विदेशी यात्री स्टेशन पर वंदे भारत का इंतजार करते नजर आते हैं। जैसे ही ट्रेन आती है, उनका छोटा बेटा खुशी से झूम उठता है। परिवार एग्जीक्यूटिव क्लास में बैठता है। यह उनका वंदे भारत में पहला अनुभव था। व्लॉगर ने बताया कि वे पहली बार एग्जीक्यूटिव क्लास में सफर कर रहे हैं और लोगों से पूछा कि वे इकोनॉमी या एग्जीक्यूटिव में से कौन सी क्लास पसंद करते हैं। सफर शुरू होने के बाद सबसे पहले परिवार का ध्यान खाने पर गया।
सूप को बताया 'अमेजिंग'
विदेशी यात्री का बेटा सूप चखता है और उसे ‘अमेजिंग’ बताता है। मां भी खाना चखने के बाद इसे अमेजिंग करार देती हैं। परिवार ट्रेन में परोसे गए खाने से काफी खुश नजर आता है। इसके बाद व्लॉगर कैमरा खिड़की की ओर मोड़कर कोयंबटूर से आगे के रास्ते की सुंदरता दिखाते हैं। बाहरी नजारे और ट्रेन की रफ्तार परिवार को प्रभावित करती है। बता दें कि, वंदे भारत को भारत की सबसे लग्जरी ट्रेनों में गिना जाता है। साफ-सुथरे कोच, आरामदायक सीटें, आधुनिक सुविधाएं और तेज गति विदेशियों को आकर्षित करती हैं। इस परिवार ने भी ट्रेन की साफ-सफाई, शांति और सेवा की तारीफ की। बच्चे ट्रेन के अंदर उत्साहित नजर आए और पूरा परिवार सफर का आनंद लेता दिखा।
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर होने के बाद प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने विदेशी परिवार का भारत में स्वागत किया। कुछ ने कहा कि वंदे भारत जैसी ट्रेनें भारत की छवि सुधार रही हैं। एक कमेंट में लिखा गया, “मोदी जी ने वंदे भारत चलवा दी, नहीं तो ये विदेशी भारत आकर खराब ट्रेनों की वीडियो बनाकर चले जाते।” कई लोगों ने ट्रेन की खिड़कियों से दिखने वाले नजारों को सुहाना बताया और परिवार को भारत के अन्य खूबसूरत स्थानों की सलाह दी।
पहले भी विदेशियों को पसंद आ चुकी वंदे भारत
यह वीडियो उन कई विदेशी यात्रियों के अनुभवों में शामिल हो गया है जो वंदे भारत की तारीफ करते नजर आते हैं। भारतीय रेलवे की इस फ्लैगशिप ट्रेन ने न सिर्फ देश के अंदर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है। साफ-सफाई, समय की पाबंदी, खाने की क्वालिटी और आधुनिक सुविधाओं ने यात्रियों का दिल जीता है। शार्टफेल्ट ट्रैवल्स का यह रिव्यू साधारण नहीं है। परिवार के सदस्यों- बच्चे से लेकर बड़ों तक ने खुद अपना अनुभव शेयर किया। खाने को अमेजिंग बताना और सफर का मजा लेना दिखाता है कि वंदे भारत विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन रही है। कोयंबटूर जैसे स्टेशन से शुरू हुई यह जर्नी उनके लिए यादगार साबित हुई।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
'ये तो बहुत टेस्टी है!' वंदे भारत ट्रेन में मिलने वाली चाय पीकर बोले ब्रिटिश व्लॉगर, इतनी तारीफें गिना डालीं कि वायरल हो गया VIDEO