भारतीय शादियों की मेहमाननवाजी और अपनापन दुनियाभर में मशहूर है। हाल ही में मोरक्को के एक युवक याह्या खद्दीर के साथ ठीक ऐसा ही हुआ। उन्होंने शेरवानी और साफा पहनकर बिना निमंत्रण के एक भारतीय शादी में एंट्री मार दी। परिवार ने उन्हें खुले दिल से अपनाया, खाना खिलाया, डांस करवाया और नतीजा यह हुआ कि विदेशी मेहमान जोश में भरकर ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने लगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम हैंडल @yahyakhaddir से शेयर किया गया है। वीडियो में दिखता है कि याह्या खद्दीर ई-रिक्शा में बैठे कहीं जा रहे थे। तभी रास्ते में जगमगाता शादी का पंडाल और डीजे की धमाकेदार आवाज सुनाई दी। शेरवानी और सिर पर साफा पहने याह्या रिक्शा रुकवाकर सीधे शादी में घुस गए। उनका लुक इतना रॉयल था कि लग रहा था जैसे कोई खास मेहमान या दूल्हा ही आ गया हो।
अंजान विदेशी मिला भरपूर प्यार और सम्मान
शादी वाले परिवार ने उन्हें रोकने के बजाय दिल खोलकर स्वागत किया। याह्या को स्टेज पर बुलाया गया, परिवार के साथ डांस करवाया गया और जमकर खातिरदारी की गई। खुशी और अपनापन इतना ज्यादा था कि याह्या का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। स्टेज पर खड़े होकर उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ जोर-जोर से ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उनका जोशीला डांस और नारे देखकर पूरी महफिल लोट-पोट हो गई। याह्या ने कैप्शन में लिखा कि “इंडिया मुझे हर बार सरप्राइज कर देता है।” उन्होंने बताया कि बिना बुलाए पहुंचने के बावजूद इतना प्यार और सम्मान मिला कि वे इसे कभी नहीं भूल पाएंगे। भारतीय संस्कृति की इस खासियत ने उन्हें पूरी तरह जीत लिया।
यूजर्स को पसंद आया वीडियो
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लाखों लोगों ने देखा और शेयर किया। यूजर्स ने भारतीय मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की। कई लोगों ने लिखा- “यही तो असली भारत है, जहां अनजान को भी अपना बना लिया जाता है।” कुछ ने मजाक में कहा कि अब विदेशी लोग शेरवानी पहनकर शादियों में घुसने का ट्रेंड शुरू कर देंगे। यह घटना भारतीय संस्कृति की उस खूबसूरती को दोहराती है, जहां मेहमान को भगवान का रूप माना जाता है। याह्या जैसे कई विदेशी पर्यटक भारतीय शादियों के रंग-रूप, संगीत, खाने और लोगों के प्यार से प्रभावित होते हैं। चाहे कोई बुलाया गया हो या बिन बुलाया, स्वागत और खातिरदारी में कोई कमी नहीं छोड़ी जाती।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
Video: बारात में लहंगा चोली पहनकर विदेशियों ने जमकर किया डांस, भारतीय यूजर्स ने जमकर की तारीफ