1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. स्वादिष्ट खाना, शानदार स्वागत और बेहिसाब मस्ती... जब जयपुर की शाही शादी में पहुंचा बिन बुलाया विदेशी टूरिस्ट, VIDEO

स्वादिष्ट खाना, शानदार स्वागत और बेहिसाब मस्ती... जब जयपुर की शाही शादी में पहुंचा बिन बुलाया विदेशी टूरिस्ट, VIDEO

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Jun 24, 2026 10:33 am IST,  Updated : Jun 24, 2026 10:33 am IST

Viral Video : सोशल मीडिया पर इन दिनों एक विदेशी टूरिस्ट का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें उसने जयपुर की शाही शादी में अचानक और बिना बुलाए पहुंचकर लोगों को चौंका दिया।

us tourist video viral, Jaipur palace royal wedding video, Jaipur palace video, us tourist in Jaipur- India TV Hindi
जयपुर की शादी में पहुंचा विदेशी टूरिस्ट। Image Source : IG/@COOKSUX

Viral Video : भारतीय शादियां अब विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गई हैं। रंग-बिरंगे कपड़े, संगीत, नृत्य, मेहंदी, संगीत रात और भव्य बारात जैसी परंपराएँ उन्हें मोहित कर लेती हैं। कई विदेशी वेडिंग टूरिज्म के तहत टिकट खरीदकर इन शादियों में शामिल हो रहे हैं। स्वादिष्ट भोजन, अपार आतिथ्य और भावुक रस्में उन्हें गहरी सांस्कृतिक अनुभूति कराती हैं। इस बात की बानगी उस वक्त देखने को मिली जब जयपुर के महज में हो रही एक शाही शादी में अमेरिका से आया विदेशी टूरिस्ट बिन बुलाए ही पहुंच गया। अब उसका रिएक्शन वायरल हो रहा है। 

इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो 

इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @cooksux नामक हैंडल से शेयर किया गया है। बता दें कि, जयपुर सिटी पैलेस में अब महाराजा सवाई मान सिंह द्वितीय संग्रहालय स्थित है और यह जयपुर शाही परिवार का निवास स्थान बना हुआ है। यह पर्यटकों के लिए खुला है, हालांकि आवासीय भाग में प्रवेश वर्जित है। अमेरिकी स्ट्रीमर और यूट्यूबर एंडी वाइज ली ने बताया कि वह दिन के समय एक पर्यटक के रूप में जयपुर सिटी पैलेस घूमने गए थे। शाम होते-होते उन्हें पता चला कि महल में एक शादी होने वाली है। एंडी को पता नहीं था कि किसकी शादी हो रही है, लेकिन वह एक भारतीय शादी में शामिल होना चाहता था। उसने मौका देखकर एक युवती से पूछा कि उसे समारोह में आमंत्रित कैसे किया जा सकता है ?

कैसे मिला शादी में प्रवेश 

वीडियो में उन्हें एक युवती के पास जाते और उससे पूछते हुए दिखाया गया है, 'माफ कीजिए, मुझे शादी में आमंत्रित कैसे किया जा सकता है?' नीले लहंगे में खड़ी लड़की उसके सवाल पर थोड़ी हैरान दिखी, लेकिन आखिरकार उसने उसकी मदद की। उसने अपनी दादी से पूछा कि क्या एंडी उत्सव देखने के लिए रुक सकता है। दादी मान गईं और एंडी को अपने साथ आने के लिए कहा। उन्होंने अपना परिचय ज्योति के रूप में देते हुए कहा, 'मैं दूल्हे की आंटी हूं।' ज्योति ने एंडी से पूछा कि वह कहां से है। यूट्यूबर ने जवाब दिया, 'अमेरिका से।' आंटी ने टूरिस्ट से पूछा कि, 'क्या आप कोरियाई हैं?' जिस पर उसने हां में जवाब दिया। ज्योति ने फिर बताया कि वह एंडी को शादी में इसलिए आमंत्रित कर रही है क्योंकि वह कोरियाई है और वह कोरियाई रियलिटी टीवी की प्रशंसक है। वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए एंडी ने लिखा: 'मैंने एक भारतीय शादी में शामिल होने की अनुमति मांगी थी... मुझे नहीं पता था कि यह एक शाही शादी है।'

'कोई तुम्हें बाहर नहीं निकालेगा'

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक अन्य वीडियो में, अमेरिकी इन्फ्लुएंसर को अपने पहनावे के कारण अलग दिखने की आशंका जताते हुए देखा गया। उन्होंने पूछा, 'मैं ज्यादा दखलंदाजी नहीं करना चाहता। क्या मेरे बैठने के लिए कोई जगह है? ज्योति ने उससे कहा, 'एक कुर्सी ले आओ और यहाँ बैठ जाओ, कोई तुम्हें बाहर नहीं निकालेगा।' तभी ज्योति एंडी को शाही शादी में पहुंची राजकुमारी और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का परिचय भी देती हैं जो शादी में आई हुई होती हैं। उस अमेरिकी व्यक्ति ने मेजबानों से मिली मेहमाननवाजी और गर्मजोशी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, 'मैं तो बस यह दिखाना चाहता था कि मैं एक आम आदमी था और आम लोगों की तरह कपड़े पहने हुए था, फिर भी वे कितने मेहमाननवाज और दयालु थे। परिवार की इस दयालुता ने जयपुर के प्रति मेरी सराहना और बढ़ा दी और अब यह देश में मेरा पसंदीदा शहर है।' 

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें -
जर्मनी से 15 साल बाद भारत लौटना कैसा लगता है? इस महिला ने शेयर किया एक्सपीरिएंस; Video हुआ वायरल

अमेरिका में सपनों को सच करने की कोशिश में चढ़ गया 8.4 करोड़ रुपये का कर्ज, NRI कपल का Video वायरल
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।