घरेलू पर्यटन की बढ़ती लागत पर एक बार फिर चर्चा छिड़ गई है। सूरज कुमार तलरेजा नाम के एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर अपनी हालिया 9 दिन की घरेलू छुट्टी का खर्च साझा किया, जिसमें चार लोगों के परिवार पर करीब 2.4 लाख रुपये खर्च हुए। उन्होंने कहा कि भारत में यात्रा करना अब महंगा हो गया है और थोड़ा और खर्च करके थाईलैंड या मलेशिया जैसी जगहों पर बेहतर छुट्टी मनाई जा सकती थी। उनका यह पोस्ट वायरल हो गया और इंटरनेट यूजर्स ने भी इस बात से सहमति जताई।
एक्स पर शेयर की पोस्ट
इस पोस्ट को एक्स पर @suritalreja नामक हैंडल से शेयर किया गया है। पोस्ट में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए सूरज कुमार तलरेजा ने लिखा, “मेरी हालिया घरेलू छुट्टी पर चार लोगों के लिए करीब 2.4 लाख रुपये खर्च हुए। हमने 3 से 5 स्टार होटलों में ठहराव किया, पूरे 9 दिन कार किराए पर ली और लगभग सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों को कवर किया। भारत के अंदर यात्रा करना लगातार महंगा होता जा रहा है!” उन्होंने आगे कहा कि अगर वे सिर्फ 60,000 रुपये और खर्च करते तो थाईलैंड या मलेशिया में इसी तरह की छुट्टी मना सकते थे। पोस्ट में उन्होंने गंतव्य का नाम या खर्च का विस्तृत ब्रेकडाउन नहीं बताया, लेकिन 3-5 स्टार होटल, प्राइवेट कार और प्रमुख आकर्षणों की यात्रा शामिल होने का जिक्र किया।
सहमति देकर यूजर्स ने जताई चिंता
यह पोस्ट तेजी से चर्चा में आ गया। कई यूजर्स ने अपनी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के अनुभव साझा किए। एक ने लिखा, “मेरी मलेशियाई छुट्टी एक वयस्क और एक छोटे बच्चे के लिए भारतीय छुट्टी से सस्ती पड़ी।”
दूसरे ने कहा, “इतने पैसे में थाईलैंड में 4 वयस्क और 2 बच्चों की 7 दिन की छुट्टी हो जाती है, वह भी पीक सीजन में। भारतीय छुट्टियां महंगी होती जा रही हैं।”
तीसरे ने लिखा कि, “लागत की तुलना करने पर वियतनाम, बाली, मलेशिया और अब तो श्रीलंका भी छुट्टियां बिताने के लिए शानदार जगहें लगती हैं।”
चौथे ने लिखा कि, “मैं अभी-अभी वियतनाम के दा नांग में 11 दिन की छुट्टी बिताकर लौटा हूं। हम तीनों एक फाइव स्टार होटल में रुके थे जहाँ से समुद्र का खूबसूरत नज़ारा दिखता था। हम तीनों का कुल खर्चा मिलाकर सिर्फ ₹2.2 लाख आया।”
पांचवें ने लिखा कि, “घरेलू पर्यटन को हमारा समर्थन मिलना चाहिए क्योंकि इससे स्थानीय व्यवसायों और अर्थव्यवस्था को लाभ होता है। चिंता का विषय है पैसे के बदले मिलने वाला मूल्य। जब पर्यटकों को स्वच्छता, सेवा और समग्र अनुभव के अनुरूप उच्च कीमतें चुकानी पड़ती हैं, तो अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल अधिक आकर्षक हो जाते हैं। भारत को पर्यटन को पैसे के लायक बनाना होगा।”
छठे ने लिखा कि, “हां, आपकी बात सही है। मुझे भारत बहुत पसंद है, लेकिन अगर मेरे पास बजट और समय हो तो मैं छोटी छुट्टी के लिए विदेश जाना पसंद करता हूँ। लगभग हर मायने में बेहतर होता है,” एक अन्य उपयोगकर्ता ने टिप्पणी की।”
गौरतलब है कि, इससे पहले ऋषिकेश में होटल की कीमतें देख श्रीलंका घूमने गए शख्स की पोस्ट काफी वायरल हुई थी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -
पहली बार 'वंदे भारत' में ट्रैवल कर झूम उठा विदेशी परिवार, टेस्टी फूड पर भी दिया अमेजिंग रिएक्शन; Video