1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 'भारत की मेडिकल व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है!' लखनऊ में IVF ट्रीटमेंट करा रहे विदेशी कपल का रिएक्शन वायरल; Video

'भारत की मेडिकल व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है!' लखनऊ में IVF ट्रीटमेंट करा रहे विदेशी कपल का रिएक्शन वायरल; Video

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 16, 2026 07:12 am IST,  Updated : Oct 16, 2026 07:12 am IST

सोशल मीडिया पर एक विदेशी कपल का वीडियो काफी वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने भारत की मेडिकल व्यवस्था को ब्रिटेन से बेहतर बताया है।

foreigner on Indian health system, foreigner reacted on health infra, viral video, heath system, hea- India TV Hindi
विदेशी कपल का रिएक्शन वायरल। Image Source : IG/ @FLEWY86

ब्रिटेन के एक दंपति ने भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था की जमकर तारीफ की है। डेव फ्लू (Dave Flew) नाम के ब्रिटिश नागरिक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि लखनऊ के स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आईवीएफ (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) उपचार कराने के दौरान उन्हें भारतीय स्वास्थ्य प्रणाली ने चौंका दिया। उन्होंने साफ कहा, “भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

इंस्टाग्राम पर रिएक्शन हो रहा वायरल 

इस वीडियो को इंस्टग्राम पर @flewy86 नामक हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो में दिखा कि डेव फ्लू ने अपनी पत्नी के साथ लखनऊ में आईवीएफ उपचार के लिए आए हैं। वीडियो का शीर्षक है, “भारतीय स्वास्थ्य व्यवस्था ने मुझे हैरान कर दिया।” उन्होंने बताया कि पूरा प्रोसेस उनके लिए एक तरह से रहस्योद्घाटन जैसा रहा। वे इलाज से बेहद खुश हैं क्योंकि यहां सब कुछ कहीं ज्यादा कुशल और तेज है। सुविधाएं अद्भुत हैं और अंतरराष्ट्रीय लाउंज के स्टाफ बहुत मददगार हैं।  

विदेशी शख्स ने भारत और ब्रिटेन की तुलना की 

डेव ने दोनों देशों की तुलना करते हुए कहा, “भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था ब्रिटेन से कहीं बेहतर है, मैं बताता हूं क्यों! मेरी पत्नी और मैं यहां मैक्स स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ में आईवीएफ उपचार करा रहे हैं। पूरा प्रोसेस सच में एक रहस्योद्घाटन जैसा रहा।” सबसे बड़ा फर्क उन्होंने समयबद्धता में बताया। ब्रिटेन में एक्स-रे रिपोर्ट आने में एक महीना लग सकता है, जबकि भारत में उन्हें एक घंटे के अंदर मिल गई। उन्होंने विस्तार से कहा, “अपॉइंटमेंट की समयबद्धता ही अलग है। मुझे उसी बिल्डिंग में विभिन्न टेस्ट कराने को कहा गया। मैं टेस्ट करवाता हूं और 15 मिनट से लेकर अधिकतम एक घंटे में रिपोर्ट मिल जाती है। ब्रिटेन में ऐसा नहीं होता। वहां सिर्फ एक्स-रे रिपोर्ट के लिए एक महीने या उससे ज्यादा इंतजार करना पड़ सकता है।” 

खर्च और स्पीड के बारे में भी बताया 

डेव ने खर्च और ट्रीटमेंट की स्पीड दोनों पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “यहां आकर इतने किफायती दाम पर इतना अच्छा और इतना तेज इलाज कराना मेरी समझ से परे है।” 

यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं 

वीडियो में 1.68 लाख से ज्यादा व्यूज आ चुके हैं और सैकड़ों कमेंट्स में लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई यूजर्स ब्रिटेन की स्वास्थ्य व्यवस्था पर हैरानी जता रहे हैं। एक ने पूछा, “ब्रिटेन में 10 मिनट के एक्स-रे की रिपोर्ट के लिए एक महीना क्यों इंतजार करना पड़ता है?” 

दूसरे ने लिखा, “यह सुनकर बहुत अच्छा लगा। भारत में घरेलू मदद और स्वास्थ्य उपचार कहीं सस्ते हैं।” 
एक और कमेंट में कहा गया, “यह सिर्फ बेहतर नहीं, पूरी दुनिया की तुलना में सबसे बेहतरीन है। किफायती दवा तकनीक सबसे सस्ते विकल्प उपलब्ध कराती है। भारतीय मेडिकल टूरिज्म तेजी से बढ़ रहा है और दुनिया भर के देशों की पसंद बन रहा है।” 

भारत में बढ़ता मेडिकल टूरिज्म 

यह अनुभव भारत के मेडिकल टूरिज्म की बढ़ती लोकप्रियता को रेखांकित करता है। कई विदेशी मरीज, खासकर ब्रिटेन और यूरोप से, लंबे इंतजार और ऊंची लागत से बचने के लिए भारत आ रहे हैं। आईवीएफ जैसे उपचार में भारत न सिर्फ सस्ता बल्कि तेज और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। डेव फ्लू का यह वीडियो उन हजारों विदेशी मरीजों की आवाज बन गया है जो भारत की स्वास्थ्य सुविधाओं से प्रभावित हो रहे हैं। ब्रिटेन में एनएचएस के लंबे वेटिंग लिस्ट और निजी इलाज की ऊंची कीमतों के मुकाबले भारत की तेज सेवा और किफायती दरें कई लोगों को आकर्षित कर रही हैं। लखनऊ जैसे शहरों में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होना इस बात का प्रमाण है कि भारतीय स्वास्थ्य क्षेत्र तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

ये भी पढ़ें - 
यूरोपीय टूरिस्ट को बेहद पसंद आई भारत की तेज और आसान मेडिकल सर्विस, घर बैठे ब्लड टेस्ट कराकर दिया ऐसा रिएक्शन 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।